नई दिल्ली: चीन में कानून से बचने के लिए एक व्यक्ति ने ऐसा कदम उठाया जिसने पुलिस अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। बता दें, ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में जेल की सजा से बचने के लिए उसने अपनी मौत का नाटक रचा और परिवार की मदद से फर्जी अंतिम संस्कार करवाया. इतना ही नहीं वह नई पहचान के साथ दूसरे प्रांत में जाकर रहने भी लगा. हालांकि, जांच के दौरान कुछ ऐसी चीजे सामने आई, जिसने उसकी इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला चीन के हेनान प्रांत के आनयांग शहर का है. 'सी' नाम के इस व्यक्ति को जनवरी 2025 में शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. जांच में यह भी सामने आया कि वह पहले भी दो बार बिना लाइसेंस और नशे की हालत में वाहन चलाने के मामलों में पकड़ा जा चुका था. इसके बाद में उसे जांच पूरी होने तक जमानत पर रिहा कर दिया गया.
रिपोर्ट के मुताबिक, सजा और आर्थिक परेशानियों से घबराकर उसने खुद को मृत घोषित कराने की योजना बनाई। इसके लिए उसने पहले से एक ताबूत खरीदा, घर में दवाइयों की खाली बोतलें बिखेर दीं ताकि आत्महत्या का आभास हो. परिवार ने दावा किया कि अधिक दवाइयां लेने से उसका चेहरा बिगड़ गया था, इसलिए शव को चादर से ढककर जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया गया.
इसी दौरान वह चुपचाप वहां से निकलकर युन्नान प्रांत पहुंच गया और नई पहचान के साथ काम की तलाश करने लगा. जब पुलिस को उसकी मौत की सूचना मिली तो कई बातें संदिग्ध लगीं. न तो अस्पताल का कोई मृत्यु प्रमाण पत्र मिला, न आधिकारिक अंतिम संस्कार का रिकॉर्ड और न ही सरकारी दस्तावेजों में उसकी मौत दर्ज थी. इसके अलावा गांव वालों ने भी बताया कि शव का चेहरा किसी को नहीं दिखाया गया था.
इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, बैंक लेनदेन और मोबाइल फोन रिकॉर्ड की जांच शुरू की. जांच में पुष्टि हुई कि वह जीवित है और फरार होकर दूसरे प्रांत में रह रहा है. आखिरकार अप्रैल 2026 में पुलिस ने उसे युन्नान से गिरफ्तार कर लिया.
अदालत ने आरोपी को पांच महीने की जेल और 20 हजार युआन (करीब 2.8 लाख रुपये) का जुर्माना सुनाया. वहीं, उसकी मां और दादी के खिलाफ भी आरोपी को छिपाने और कानून से बचाने में मदद करने के आरोप में आपराधिक जांच शुरू की गई है. अधिकारियों ने कहा कि कानून से बचने के लिए इस तरह की साजिश रचने से सजा कम नहीं होती, बल्कि नए अपराध भी जुड़ जाते हैं. First Updated : Thursday, 23 July 2026