VIP होगा अपने घर पे... VIP काफिले के लिए रास्ता रोकने पर भड़का युवक, बहस का वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कार चालक और पुलिस के बीच VIP मूवमेंट को लेकर हुई बहस ने लोगों का ध्यान खींचा है. युवक का जवाब अब इंटरनेट पर नई चर्चा और बहस को जन्म दे रहा है.

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने वीआईपी कल्चर पर एक नई बहस छेड़ दी है. इस वीडियो ने आम लोगों के भीतर छिपी नाराजगी को सामने ला दिया है. ऐसा लगता है कि अब लोग वीआईपी मूवमेंट के नाम पर होने वाली परेशानियों को चुपचाप सहने के लिए तैयार नहीं हैं.
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @saini_kanishk27 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो में एक सड़क का दृश्य दिखाई देता है, जहां पुलिसकर्मी एक कार चालक को रास्ता बदलने के लिए कहते हैं. वजह यह बताई जाती है कि कुछ ही देर में वहां से किसी वीआईपी का काफिला गुजरने वाला है.
लेकिन कार चालक इस बात को मानने से इनकार कर देता है. वह सीधे सवाल करता है कि आखिर उसे अपना रास्ता क्यों बदलना चाहिए. वह पुलिस से पूछता है कि ऐसा कौन-सा नियम है, जिसके तहत आम लोगों को अपनी सुविधा छोड़नी पड़े.
‘वीआईपी होगा अपने घर पर’
जब पुलिसकर्मी उसे समझाने की कोशिश करते हैं कि यह वीआईपी मूवमेंट है, तो चालक का जवाब और भी तीखा हो जाता है. वह कहता है, “तो मैं क्या करूं?” इसके बाद वह गुस्से में बोलता है, “वीआईपी होगा अपने घर पर.” उसकी यह बात सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रही है. कई लोग इसे आम जनता की आवाज बता रहे हैं, जो लंबे समय से ऐसे नियमों से परेशान है.
वीडियो हुआ तेजी से वायरल
यह वीडियो बहुत कम समय में ही इंटरनेट पर छा गया है. अब तक इसे करीब 40 लाख बार देखा जा चुका है और 2 लाख 72 हजार से ज्यादा लोग इसे लाइक कर चुके हैं. इसके साथ ही कमेंट सेक्शन में लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है.
लोगों ने खुलकर रखी अपनी राय
वीडियो पर यूजर्स लगातार अपनी राय दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि आखिरकार किसी ने तो इस मुद्दे पर आवाज उठाई. वहीं दूसरे ने कहा कि सिर्फ राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ही इस तरह की छूट मिलनी चाहिए. कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि जब सड़कें जनता के टैक्स से बनती हैं, तो फिर आम लोगों को ही रास्ता क्यों बदलना पड़े. एक अन्य यूजर ने लिखा कि अब समय आ गया है कि वीआईपी कल्चर के नाम पर आम जनता को परेशान करना बंद किया जाए.


