'आपके पास समय नहीं तो मेरे पास भी नहीं...', कंपनी के CEO ने AI से ईमेल भेजा तो इंजीनियर ने दिया दो टूक जवाब
एक अमेरिकी कंपनी के भारतीय सीईओ ने एक इंजीनियर को पूरी तरह एआई से लिखा हुआ ईमेल भेज दिया. जवाब आया, “अगर आपके पास खुद से ईमेल लिखने का समय नहीं है, तो मेरे पास भी आपसे बात करने का समय नहीं है.

लंदन के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने स्टार्टअप सीईओ को दो टूक जवाब देते हुए कहा कि अगर आपके पास खुद ईमेल लिखने का समय नहीं है तो मेरे पास भी आपसे बात करने का समय नहीं है. यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है और प्रोफेशनल कम्युनिकेशन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को लेकर बहस छिड़ गई है. कंपोजियो के सह-संस्थापक और सीईओ करन वैद्य ने अपनी कंपनी के AI असिस्टेंट से ईमेल लिखकर लंदन स्थित सॉफ्टवेयर इंजीनियर दमित्री कोवानिकोव को भेजा था. जवाब में कोवानिकोव ने साफ मना कर दिया.
If you don’t have the time to even write a cold email,
— Dmitrii Kovanikov (@ChShersh) March 28, 2026
I definitely won’t have time for a quick call. pic.twitter.com/mCbi1abrDw
भेजे गए ईमेल पर तीखा जवाब
करन वैद्य ने AI टूल के जरिए कोवानिकोव को ईमेल भेजा, जिसमें लिखा था कि कंपनी एजेंटिक कोडिंग में विशेषज्ञ इंजीनियर की तलाश कर रही है. ईमेल में जार्विस ने खुद को करन वैद्य का AI असिस्टेंट बताया और कहा कि करन ने उन्हें यह संपर्क करने के लिए कहा है. कोवानिकोव ने इस ईमेल का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'अगर आपके पास एक अच्छा ईमेल लिखने का भी समय नहीं है तो मेरे पास भी आपसे बात करने के लिए समय नहीं है.'
क्या था ईमेल में लिखा?
AI असिस्टेंट जार्विस ने ईमेल में लिखा था, 'हे दमित्री, मैं करन वैद्य का एआई असिस्टेंट जारविस हूं. उन्होंने मुझसे कहा है कि उनकी तरफ से आपसे संपर्क किया जाए. करन कंपोजियो बना रहे हैं जो कि एआई एजेंट्स के लिए काम करेगा. उन्हें एक ऐसे इंजीनियर की तलाश है जिसे काउड कोड, कोडेक्स, एमसीपी और एजेंट इनफ्रा की जानकारी हो.'करन वैद्य आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में डिग्री प्राप्त कर चुके हैं और उनकी कंपनी सैन फ्रांसिस्को में स्थित है, जो ऐप्स और टूल्स को कनेक्ट करने वाले AI मॉडल विकसित करती है.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस घटना के बाद प्रोफेशनल कम्युनिकेशन में AI के इस्तेमाल को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई है. कई यूजर्स का कहना है कि भले ही ईमेल AI से लिखा गया हो, लेकिन इसमें यह जाहिर करने की कोई जरूरत नहीं थी कि यह AI असिस्टेंट द्वारा भेजा गया है. एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा, आप ईमेल सेटिंग में जाकर किसी भी ईमेल को स्पैम के रूप में फिल्टर कर सकते हैं. इसके बाद एआई से भेजे हुए ईमेल खुद ब खुद स्पैम में चले जाएंगे. आपको ऐसे ईमेल पढ़ने की जहमत ही नहीं उठानी पड़ेगी.


