गोलीबारी से फिर दहला अमेरिका, एक ही घर से 8 शव बरामद
अमेरिका में गोलीबारी की घटना में कमी नहीं आ रही है। इस नए साल में भी गोलीबारी की घटना बदस्तूर जारी है।

अमेरिका में गोलीबारी की घटना में कमी नहीं आ रही है। इस नए साल में भी गोलीबारी की घटना बदस्तूर जारी है। अब अमेरिका के उटाह प्रांत से गोलीबारी की खबर सामने आई है। यहां इनॉक सिटी के एक घर में 8 लोगों के शव मिले हैं। जिनमें से 5 बच्चों के शव हैं। पुलिस ने बताया कि एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। सभी के शरीर पर गोली लगने के निशान हैं। हमला किसने और किस मकसद से किया, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं है। घटना नॉर्थ अमेरिका के उटा राज्य की है। स्थानीय पुलिस की मानें तो ये घटना बुधवार की है। मौके पर पुलिस मौजूद है और टीम घटना की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है. फिलहाल मामले की जांच जारी है लेकिन अभी तक हमलावर के बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है.
बता दें कि इससे पहले अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में मंगलवार रात हुई गोलीबारी में एक शख्स की मौत हो गई थी जबकि 8 साल एक बच्चे समेत तीन लोग जख्मी हो गए थे। पुलिस के अनुसार गोलीबारी के बाद तीन संदिग्धों एक एसयूवी ड्राइवर और दो अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
अमेरिका में नए साल के शुरुआती तीन दिनों के अंदर हुई गोलीबारी में 130 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और 300 से अधिक घायल हुए हैं। एनजीओ गन वायलेंस आर्काइव की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़े में ये बात सामने आयी है। आंकड़ों के मुताबिक, साल की शुरुआत से अब तक अमेरिका में 131 लोग अनजाने में या जान-बूझकर मारे गए हैं और 313 घायल हुए हैं।
बीते साल क्रिसमस से पहले भी मॉल ऑफ अमेरिका में गोलीबारी की घटना हुई थी। ब्लूमिंगटन के मेयर के मुताबिक शूटिंग नॉर्डस्ट्रॉम डिपार्टमेंटल स्टोर के अंदर हुई थी। शूटिंग के बाद करीब 45 मिनट तक मॉल में ताला लगा रहा था, जिसके बाद दुकानदारों को घर जाने के लिए कहा गया था। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडजिया पर शेयर किया गया था।


