बंगाल वोटिंग में हिंसा की आग: सुवेंदु सरकार पर हमला, हुमायूं कबीर के काफिले पर पथराव
पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के दौरान कई जिलों से हिंसा और झड़पों की खबरें सामने आई हैं. नेताओं पर हमले, पथराव और EVM विवाद ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है.

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान कई इलाकों से हिंसा, तोड़फोड़ और झड़पों की खबरें सामने आई हैं. एक ओर जहां बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचे, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में हालात तनावपूर्ण बने रहे.
मुर्शिदाबाद, कूचबिहार, सिलीगुड़ी और मालदा जैसे क्षेत्रों में हिंसक घटनाओं ने चुनावी माहौल को प्रभावित किया. कई जगहों पर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव देखने को मिला, जबकि कुछ स्थानों पर प्रशासन को स्थिति संभालने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा.
मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर के काफिले पर हमला
मुर्शिदाबाद के नौदा इलाके में AJUP प्रमुख और रेजीनगर से उम्मीदवार हुमायूं कबीर के काफिले पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया.
हमलावरों ने लाठियों और ईंटों से काफिले को निशाना बनाया, जिसके बाद टीएमसी और एजेयूपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई. घटना के बाद कबीर ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की और पुलिस अधिकारियों से उनकी बहस भी हुई.
कूचबिहार में CAPF का लाठीचार्ज
कूचबिहार के तूफानगंज क्षेत्र में मतदान के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति बिगड़ने लगी.
स्थिति को काबू में करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों को लाठीचार्ज करना पड़ा और भीड़ को खदेड़कर हालात नियंत्रित किए गए. आरोप है कि कुछ लोग मतदाताओं को डराने की कोशिश कर रहे थे.
सुवेंदु सरकार पर हमला
दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है.
बताया जा रहा है कि वह ‘बूथ जैमिंग’ की शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचे थे, जहां उन पर लाठियों और घूंसे से हमला किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में यह घटना हुई.
मालदा में EVM खराबी पर बवाल
मालदा के मोथाबाड़ी क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर EVM में खराबी आने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.
अधिकारियों के देर से पहुंचने पर नाराज मतदाताओं ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की की.
टीएमसी के अंदरूनी विवाद में तोड़फोड़
मालदा के हरिश्चंद्रपुर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों के बीच विवाद हिंसक हो गया.
इस दौरान एक चुनावी कैंप कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और पार्टी के झंडे-बैनर भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए.
सिलीगुड़ी में TMC-BJP कार्यकर्ताओं में झड़प
सिलीगुड़ी के एक मतदान केंद्र के बाहर टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच बहस के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई.
मौके पर मौजूद CAPF के जवानों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और मतदान प्रक्रिया को दोबारा शुरू कराया.
बाहरी वोटरों को लाने का आरोप
आसनसोल उत्तर से टीएमसी प्रत्याशी मलय घटक ने आरोप लगाया कि वोटिंग से पहले पांच विशेष ट्रेनों के जरिए बाहरी लोगों को राज्य में लाया गया.
उन्होंने दावा किया कि इन ट्रेनों में गुजरात, मध्य प्रदेश और बिहार से लोग पहुंचे, जिनकी जानकारी चुनाव आयोग को दी गई है.
गाड़ी में EVM मिलने का विवाद
जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में एक गाड़ी में ईवीएम मिलने का आरोप सामने आया, जिससे विवाद खड़ा हो गया.
स्थानीय लोगों का कहना था कि गाड़ी में रिजर्व ईवीएम रखी गई थीं, जबकि मौके पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी.


