तमिलनाडु के अलगे CM होंगे एक्टर विजय, TVK ने पार किया 118 का आंकड़ा
TVK सूत्रों ने बताया है कि विजय ने आज शाम 4:30 बजे राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। उम्मीद है कि विपक्षी दलों का समर्थन मिलने के बाद वे दोबारा सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

नई दिल्ली: तमिलनाडु की सियासत में बड़ा उलटफेर हुआ है। एक्टर विजय की पार्टी TVK अब बहुमत के जादुई आंकड़े 118 तक पहुंच गई है। कांग्रेस, VCK, CPI और CPI(M) के समर्थन के बाद खंडित विधानसभा में सरकार बनाने का रास्ता साफ होता दिख रहा है। कई दिनों की खींचतान और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के साथ गतिरोध के बाद अब विजय का दावा मजबूत हो गया है।
शाम 4:30 बजे राज्यपाल से मुलाकात
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार TVK सूत्रों ने बताया है कि विजय ने आज शाम 4:30 बजे राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। उम्मीद है कि विपक्षी दलों का समर्थन मिलने के बाद वे दोबारा सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसी वक्त समर्थन देने वाले दल भी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर औपचारिक ऐलान करेंगे।
कैसे बना 118 का नंबर गेम?
आपको बताते चलें कि 234 सीटों वाली विधानसभा में TVK के पास 107 विधायक हैं। कांग्रेस के 5, CPI के 2, CPI(M) के 2 और विदुथलाई चिरुथाइगल काची यानी VCK के 2 विधायकों ने समर्थन दे दिया है। इन सबको मिलाकर गठबंधन 118 पर पहुंच गया है। यह सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का आंकड़ा है।
राज्यपाल ने कल किया था इनकार
गौरतलब है कि यह सियासी एकजुटता तब सामने आई जब एक दिन पहले ही राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने के लिए बुलाने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि TVK बहुमत साबित नहीं कर पाई है। इस इनकार के बाद सियासी बवाल मच गया था। विपक्ष ने केंद्र की BJP सरकार पर राज्यपाल के जरिए 'बैकडोर से राष्ट्रपति शासन' थोपने का आरोप लगाया था।
वहीं शुक्रवार (08 मई 2026) को चेन्नई में दिनभर गहमागहमी रही। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने खुद VCK प्रमुख थोल थिरुमावलवन से बात की। इसके बाद CPI की कार्यसमिति और CPI(M) के राज्य नेतृत्व ने भी TVK को समर्थन दे दिया। इससे विधानसभा का पूरा गणित बदल गया और सरकार को लेकर बना सस्पेंस खत्म होता दिखा।
समर्थन के साथ मिली विजय को नसीहत
हालांकि, यह समर्थन ऐसे ही नहीं मिला। VCK नेता सिंथनाई सेल्वन ने कड़ा बयान दिया। उन्होंने BJP पर आरोप लगाया कि वह राज्यपाल के दफ्तर से तमिलनाडु की राजनीति को अस्थिर कर रही है। साथ ही विजय को भी घेरा। सेल्वन ने पूछा, “नतीजे आने के बाद गठबंधन के साथियों से खुद संपर्क क्यों नहीं किया? WhatsApp पर चिट्ठी भेजकर 'जवाब दो' कहना क्या होता है?”


