विजय पर TTV दिनाकरन का बड़ा हमला, 'मेरे विधायक गायब किए', समर्थन पत्र को बताया फर्जी
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. TVK प्रमुख विजय के सरकार बनाने के दावे के बीच AMMK नेता TTV दिनाकरन ने उन पर विधायकों को गायब करने और फर्जी समर्थन पत्र तैयार करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. इस विवाद के बाद राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ गई है.

चेन्नई: तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय ने राज्यपाल आरवी अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया, वहीं दूसरी ओर AMMK महासचिव TTV दिनाकरन ने TVK पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दिनाकरन ने दावा किया कि उनके विधायकों को गायब किया जा रहा है और विजय को समर्थन देने वाला पत्र पूरी तरह फर्जी है.
तमिलनाडु की राजनीति में इस पूरे घटनाक्रम ने नया ड्रामा खड़ा कर दिया है. दिनाकरन ने राज्यपाल से मुलाकात कर इन घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेने की मांग की और AIADMK महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का आग्रह किया.
गवर्नर से मिले दिनाकरन, सौंपा ज्ञापन
राज्यपाल से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए TTV दिनाकरन ने कहा कि उन्होंने एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें AIADMK नेता एडप्पाडी के. पलानीस्वामी को अगली सरकार बनाने के लिए बुलाने की मांग की गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मजाक बनाया जा रहा है.
‘मेरे विधायक गायब किए जा रहे हैं’
दिनाकरन ने दावा किया कि AMMK के नवनिर्वाचित विधायक एस. कामराज लापता हैं और उनसे संपर्क करने की कई कोशिशें नाकाम रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे TVK का हाथ हो सकता है.
कामराज ने AMMK के ‘कुकर’ चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ते हुए मन्नारगुडी सीट पर DMK और TVK दोनों उम्मीदवारों को हराया था.
विजय पर साधा निशाना
दिनाकरन ने विजय पर हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने DMK को “बुरी ताकत” बताया था, लेकिन अब सरकार बनाने के लिए उन्हीं के सहयोगियों का समर्थन लेने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, "सरकार बनाने से पहले ही, वह इस तरह की गतिविधियों में लिप्त हैं. वह एक स्वच्छ सरकार कैसे दे पाएंगे?"
समर्थन पत्र को लेकर बढ़ा विवाद
दिनाकरन का एक पत्र सामने आया था, जिसमें दावा किया गया कि AMMK, विजय की पार्टी TVK को समर्थन दे रही है. हालांकि, दिनाकरन ने इस पत्र को फर्जी करार दिया.
इसके जवाब में TVK ने कहा कि यह दावा गलत है और पार्टी ने एक वीडियो जारी कर कहा कि विधायक कामराज ने स्वेच्छा से विजय को समर्थन देने वाला पत्र लिखा था.
TVK ने जारी किया वीडियो
TVK ने अपने बयान में कहा कि कामराज ने खुशी-खुशी समर्थन पत्र लिखा था और उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि यह समर्थन TTV दिनाकरन की मंजूरी के बाद दिया जा रहा है.
पार्टी ने कहा, "हालांकि, अब जो जानकारी फैलाई जा रही है कि उन्होंने यह पत्र नहीं लिखा था, वह पूरी तरह से गलत और सच के विपरीत है."
झूठी खबरें फैला रहे हैं दिनाकरन
TVK ने आरोप लगाया कि दिनाकरन इस मामले से जुड़े तथ्यों को छिपाकर गलत जानकारी फैला रहे हैं. पार्टी ने कहा कि उसे किसी तरह की सौदेबाजी या डीलिंग की जरूरत नहीं है.
TVK ने कहा, "जनता को यह समझना चाहिए कि तमिलगा वेट्री कझगम को किसी के साथ सौदेबाजी या बातचीत करने की कोई ज़रूरत नहीं है."
तमिलनाडु विधानसभा का गणित
234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा में TVK ने 108 सीटें जीती हैं और वह बहुमत के आंकड़े 118 से पीछे है. सरकार बनाने के लिए पार्टी छोटे दलों और विधायकों का समर्थन जुटाने में लगी हुई है.
CPI और CPI(M) ने दो-दो सीटों के साथ, जबकि कांग्रेस ने अपनी पांच सीटों का समर्थन पहले ही विजय की पार्टी को देने का ऐलान कर दिया है.


