सुवेंदु आधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री, अमित शाह ने किया ऐलान: कल 11 बजे लेंगे शपथ
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री का ऐलान कर दिया। उन्होंने ममता बनर्जी को 2 बार विधानसभा चुनाव में हरा चुके सुवेंदु आधिकारी को बंगाल का नया सीएम चुना।

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की सियासत में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। BJP नेता सुवेंदु अधिकारी राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। इसके साथ ही वे बंगाल में सरकार का नेतृत्व करने वाले पहले BJP नेता बन जाएंगे। शुक्रवार (08 मई 2026) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने औपचारिक रूप से सुवेंदु अधिकारी को BJP विधायक दल का नेता घोषित किया।
Kolkata | Suvendu Adhikari elected as the Leader of West Bengal BJP Legislative Party, set to be the new CM of the state. pic.twitter.com/9HkURxHMd6
— ANI (@ANI) May 8, 2026
BJP के लिए ऐतिहासिक पल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पश्चिम बंगाल में यह जीत BJP के लिए दशकों के संघर्ष का नतीजा है। पार्टी लंबे समय से यहां क्षेत्रीय और वामपंथी दलों को सत्ता से हटाने की कोशिश कर रही थी। कुछ दिन पहले हुए विधानसभा चुनाव में BJP को प्रचंड बहुमत मिला। 294 सीटों वाली विधानसभा में पार्टी ने 293 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 207 सीटें जीत लीं। इसी शानदार जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी का कद और बढ़ गया।
कल ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण
प्राप्त जानकारियों के मुताबिक बंगाल की नई BJP सरकार कल कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेगी। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, कई केंद्रीय मंत्री और BJP शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बंगाल में पहली बार भगवा सरकार का शपथ ग्रहण ऐतिहासिक होने वाला है।
'भूमिपुत्र' के तौर पर देख रही थी BJP
दरअसल सुवेंदु अधिकारी को पहले से ही CM पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था। चुनाव प्रचार के दौरान BJP नेताओं ने कई बार कहा था कि बंगाल को ऐसा 'भूमिपुत्र' मुख्यमंत्री मिलेगा जो राज्य की भाषा और संस्कृति से जुड़ा हो। अधिकारी उस कसौटी पर पूरी तरह फिट बैठते हैं।
चुनाव में ममता को भवानीपुर में हराया
गौरतलब है कि इस चुनाव में सुवेंदु ने सबसे बड़ी सियासी जीत दर्ज की। उन्होंने भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हरा दिया। भवानीपुर को ममता का सबसे सुरक्षित गढ़ माना जाता था। इसके साथ ही अधिकारी ने अपनी नंदीग्राम सीट भी बरकरार रखी। नंदीग्राम 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से जुड़ा है। इसी आंदोलन ने सुवेंदु को बंगाल का बड़ा नेता बनाया था।
असली बदलाव अब आया है- सुवेंदु
अपनी जीत के बाद कार्यकर्ताओं से सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह बंगाल की राजनीति में 'असली बदलाव' है। अधिकारी ने कहा, “मैं 2011 के 'पोरिबर्तन' का हिस्सा था, और अब मैं 'असली बदलाव' का हिस्सा हूं।” सुवेंदु ने भरोसा जताया कि BJP बंगाल में 100 साल तक सरकार चलाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, “हम ऐसा काम करेंगे कि बंगाल में BJP की सरकार 100 साल तक बनी रहे।”


