बंगाल में BJP की बंपर जीत के बाद भारत के नक्शे में चमका भगवा रंग, अब 22 राज्यों में होगा NDA का राज

पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी को साफ तौर पर बढ़त मिलती नजर आ रही है, जिसके साथ ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का दायरा और बढ़ गया है.

Shraddha Mishra

पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सामने आए रुझानों के बाद के देश की सियासत में बड़ा बदलाव होता नजर आ रहा है. बता दें, सामने आई आकड़ों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी को साफ तौर पर बढ़त मिलती नजर आ रही है, जिसके साथ ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का दायरा और बढ़ गया है. इन रुझानों के आधार पर अब देश के करीब 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भाजपा या उसके सहयोगी दलों की सरकार होने की स्थिति बनती दिख रही है. वहीं इसी बीच पार्टी द्वारा भारत का एक मैप सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है, जिसमें भगवा रंग चमकता हुआ नजर आ रहा है.

किन-किन राज्यों में होगा NDA का राज 

 देश में होने वाले इस राजनीतिक दल बदल के बाद राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और असम जैसे बड़े राज्यों में पहले से मौजूद भाजपा या एनडीए सरकारों के साथ अब पश्चिम बंगाल का नाम भी जुड़ता दिखाई दे रहा है. इसके अलावा गोवा, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मणिपुर, सिक्किम, मेघालय और आंध्र प्रदेश जैसे क्षेत्रों में भी गठबंधन का प्रभाव बना हुआ है.

भाजपा का भगवा मैप 

बंगाल में बढ़त के बाद भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक ‘भगवा मैप’ शेयर किया है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों में पार्टी और उसके सहयोगियों की उपस्थिति को दर्शाया गया है. पार्टी ने इसे देश में बढ़ते जनसमर्थन और विकास की दिशा में विश्वास का प्रतीक बताया है. पोस्ट में कहा गया है कि यह सिर्फ एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि “विकसित भारत” के लक्ष्य की ओर बढ़ता कदम है.

वहीं, रुझानों की बात करें तो चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 190 से अधिक सीटों पर भाजपा उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं. दूसरी ओर, टीएमसी अपेक्षा से पीछे नजर आ रही है और करीब 90 से अधिक सीटों पर ही आगे चल रही है.

दो चरणों में हुआ मतदान 

पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर इस बार दो चरणों में मतदान कराया गया था. हालांकि, फाल्टा सीट पर पुनर्मतदान की घोषणा के कारण कुल 293 सीटों के रुझान सामने आ रहे हैं. अंतिम परिणाम आने में अभी समय है, लेकिन मौजूदा रुझानों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि बंगाल की राजनीति एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है. अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो यह भाजपा के लिए ऐतिहासिक जीत साबित हो सकती है और देश के राजनीतिक नक्शे पर उसका प्रभाव और मजबूत हो जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो