चुनावी रुझानों के बीच सीएम योगी पोस्ट ने बढ़ाया सियासी रोमांच, पीएम मोदी के नेतृत्व पर लगाई मोहर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की है. उन्होंने कहा कि देश की जनता का भरोसा प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी नीतियों पर लगातार मजबूत होता जा रहा है.

उत्तर प्रदेश: पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में कई जगह सियासी तस्वीर साफ होती नजर आ रही है. पश्चिम बंगाल में जहां भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार करती दिखाई दे रही है. वहीं असम में भी पार्टी की सरकार बनती नजर आ रही है. पुडुचेरी में भाजपा-एनडीए गठबंधन को बढ़त मिलने के संकेत हैं, जबकि तमिलनाडु और केरल में मुकाबला अलग रुख लेता दिख रहा है.
पीएम मोदी की सरहाना
रुझानों के सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और कई स्थानों पर जश्न भी मनाया जा रहा है. इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की है. उन्होंने कहा कि देश की जनता का भरोसा प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी नीतियों पर लगातार मजबूत होता जा रहा है, जो इन चुनावी रुझानों में भी झलक रहा है.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के यशस्वी नेतृत्व एवं लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देश वासियों का अटूट विश्वास है, जो आज विधान सभा चुनाव के ऐतिहासिक परिणामों के रूप में पुनः परिलक्षित हुआ है।
पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार…— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 4, 2026
नया और विकसित भारत
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह जनादेश “नया भारत” और “विकसित भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाने में मदद करेगा. इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बढ़त हासिल करने वाले उम्मीदवारों को बधाई देते हुए, जनता का पार्टी पर भरोसा करने के लिए आभार जताया है. उनके अनुसार, यह समर्थन सुशासन और विकास की राजनीति को और मजबूती देगा.
पश्चिम बंगाल में बदलाव पर जोर
बता दें, चुनाव प्रचार के दौरान योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में कई रैलियों को संबोधित किया था. अपने भाषणों में सीएम ने कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और शासन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था. उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस सरकार पर विभिन्न आरोप लगाए और बदलाव की जरूरत पर जोर दिया था.
राज्यों में मतगणना जारी
हालांकि, इन चुनावों के अंतिम परिणाम आने तक तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट नहीं होगी. फिलहाल सभी की नजर मतगणना पर टिकी है, जहां हर घंटे बदलते रुझान राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दे रहे हैं. आने वाले कुछ घंटों में यह तय हो जाएगा कि किन राज्यों में किस पार्टी की सरकार बनेगी और किसे विपक्ष में बैठना पड़ेगा.


