नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज 1 फरवरी, रविवार को संसद में बजट 2026-27 पेश करते हुए आम आदमी को बड़ी राहत देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. यह उनका लगातार नौवां बजट है, जिसके बाद अब हर किसी की नजरें उन वस्तुओं और सेवाओं पर टिकी हैं जो सस्ती होंगी या जिनके दामों में कमी आएगी. स्वास्थ्य, इलेक्ट्रॉनिक्स, लाइफस्टाइल और खेल जैसे क्षेत्रों में आने वाली राहत ने बजट को आम जनता के लिए खास बना दिया है.
बजट भाषण में वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का फोकस न केवल आर्थिक विकास पर है, बल्कि लोगों की जेब पर भी पड़ने वाले बोझ को कम करने पर भी है. दवाओं से लेकर स्मार्टफोन, चमड़े के सामान और खेल उपकरण तक कई जरूरी चीजें अब किफायती होने वाली हैं. आइए जानते हैं बजट की उन प्रमुख घोषणाओं के बारे में जो सीधे आम आदमी की जिंदगी को प्रभावित करेंगी.
आम लोगों के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर यह है कि डायबिटीज, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली महत्वपूर्ण दवाइयों के दामों में कमी आएगी. इससे लाखों मरीजों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा. सरकार का मानना है कि इन कदमों से स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और लोगों का जीवन स्तर बेहतर बनेगा.
मेक-इन-इंडिया को मजबूती देने के लिए भारत में बने स्मार्टफोन और टैबलेट पर विशेष प्रोत्साहन दिया गया है. इससे घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं को किफायती दामों पर बेहतरीन इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद मिल सकेंगे. बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले महीनों में स्मार्टफोन और टैबलेट के दामों में साफ कमी देखने को मिल सकती है.
बजट में चमड़े से बने उत्पादों को लेकर भी सकारात्मक संकेत मिले हैं. जूते, बैग, बेल्ट और अन्य लेदर आइटम्स अब पहले से अधिक किफायती हो सकते हैं. सरकार की इस पहल से लेदर इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ भी कम होगा.
वित्त मंत्री ने बजट में खेल इक्विपमेंट को अधिक सुलभ बनाने का स्पष्ट प्रस्ताव रखा है. इससे बैडमिंटन रैकेट, क्रिकेट किट, फुटबॉल, जिम उपकरण और अन्य खेल सामग्री के दामों में कमी आएगी. युवा खिलाड़ियों और फिटनेस के शौकीनों के लिए यह बड़ी राहत होगी, जिससे खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भागीदारी बढ़ेगी. First Updated : Sunday, 01 February 2026