क्या RBI देगा 'गुड न्यूज'? आज रेपो रेट पर आएगा फैसला

भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की अहम बैठक का आज अंतिम दिन है. आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा आज शुक्रवार को सुबह 10 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए एमपीसी के फैसलों की घोषणा करेंगे.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की अहम बैठक का आज अंतिम दिन है. शुक्रवार, 6 फरवरी को रिजर्व बैंक वित्त वर्ष 2026 के लिए अपनी मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा. इस फैसले पर बाजार, उद्योग जगत और आम उपभोक्ताओं की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि इससे ब्याज दरों, कर्ज की लागत और आर्थिक गतिविधियों की दिशा तय होगी. 

क्या आरबीआई ब्याज दरों में दिखाएगा नरमी?

बीते वर्ष रेपो रेट में कई बार कटौती के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या इस बार भी आरबीआई ब्याज दरों में नरमी दिखाएगा या फिर यथास्थिति बनाए रखेगा. मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए इस पॉलिसी समीक्षा में रेपो रेट में कटौती की संभावनाएं कम मानी जा रही हैं. इसकी एक बड़ी वजह हाल ही में पेश किया गया बजट 2026 है, जिसमें सरकार ने पूंजीगत व्यय को लगभग 12 प्रतिशत तक बढ़ाने का ऐलान किया है. इसके साथ ही वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राजकोषीय घाटे का लक्ष्य 4.3 प्रतिशत तय किया गया है. 

ऐसे में सरकार की ओर से खर्च बढ़ाने और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के प्रयासों के बीच आरबीआई पर अतिरिक्त मौद्रिक ढील देने का दबाव कम हो गया है. वैश्विक स्तर पर भी हालात पहले की तुलना में कुछ बेहतर होते नजर आ रहे हैं. भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर सहमति बन गई है, जिसके तहत अमेरिका में भारतीय आयात पर टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है. इससे निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. वहीं, भारत और यूरोपीय संघ के बीच हाल में हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से निवेश और व्यापार में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है. इन सकारात्मक संकेतों से देश में पूंजी प्रवाह बना रहने का अनुमान है.

अर्थशास्त्रियों का क्या मानना है? 

दिसंबर में एमपीसी ने पहले ही रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की थी. ऐसे में कई अर्थशास्त्रियों का मानना है कि फिलहाल ब्याज दरों में और कटौती की गुंजाइश सीमित हो गई है. आरबीआई की प्राथमिकता अब महंगाई को नियंत्रित रखने और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने पर अधिक हो सकती है.

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा आज शुक्रवार को सुबह 10 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए एमपीसी के फैसलों की घोषणा करेंगे. इस दौरान रेपो रेट के साथ-साथ महंगाई और जीडीपी ग्रोथ को लेकर नए अनुमान भी पेश किए जाएंगे और आगे की नीति दिशा पर रोशनी डाली जाएगी.

इस पॉलिसी ऐलान को आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट, यूट्यूब चैनल और एक्स (पूर्व में ट्विटर) के आधिकारिक हैंडल पर लाइव देखा जा सकता है. इसके अलावा वित्त मंत्रालय और प्रेस सूचना ब्यूरो की वेबसाइट व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी रियल-टाइम अपडेट उपलब्ध रहेंगे. पॉलिसी के बाद एमपीसी सदस्यों द्वारा मीडिया से बातचीत किए जाने की भी संभावना है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag