ट्रेड डील की डिटेल्स आईं..., सेंसेक्स 84,000 पार, निफ्टी भी रिकॉर्ड के करीब
भारत-अमेरिका ट्रेड डील का फ्रेमवर्क आखिरकार जारी हो गया है. इसका जादुई असर शेयर बाजार पर दिख रहा है. सोमवार को बाजार खुलते ही सेंसेक्स ने 84,000 का आंकड़ा पार कर लिया, जबकि निफ्टी 26,000 के बेहद करीब पहुंच गया.

नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को सप्ताह की शुरुआत में जबरदस्त तेजी के साथ कारोबार शुरू किया. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स खुलते ही लंबी छलांग लगाते हुए 84,000 के स्तर को पार कर गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 26,000 के करीब पहुंच गया. यह उछाल मुख्य रूप से भारत-अमेरिका के बीच हुए ट्रेड डील फ्रेमवर्क के सकारात्मक प्रभाव से देखने को मिला है.
बाजार में आई इस धमाकेदार शुरुआत से निवेशकों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है. आईटी, बैंकिंग और मेटल सेक्टर के प्रमुख शेयरों में खरीदारी का जोर देखा गया, जबकि वैश्विक बाजारों से भी मजबूत संकेत मिल रहे हैं. आइए डिटेल में जानते हैं बाजार की इस तूफानी शुरुआत के पीछे की वजहें और प्रमुख शेयरों की स्थिति.
सेंसेक्स-निफ्टी की धमाकेदार शुरुआत
कारोबार शुरू होते ही बीएसई सेंसेक्स पिछले बंद 83,580.40 से उछलकर 84,177 पर खुला और जल्द ही 700 अंकों से अधिक की तेजी के साथ 84,314.68 के स्तर तक पहुंच गया. इसी तरह एनएसई निफ्टी शुक्रवार के बंद 25,693.70 से बढ़कर 25,888.70 पर खुला और फिर 25,922 तक चढ़ गया. यह तेजी निवेशकों के बीच भारत-अमेरिका ट्रेड डील फ्रेमवर्क के प्रति बढ़ते भरोसे को दर्शाती है.
प्रमुख शेयरों में जोरदार उछाल
सोमवार को बाजार में कई दिग्गज कंपनियों के शेयर खुलते ही रफ्तार पकड़ते नजर आए. आईटी सेक्टर में TCS, HCL Tech और Infosys मजबूती दिखा रहे हैं. लार्जकैप कैटेगरी में SBI शेयर 6.20% तक उछला, Titan 2%, Eternal 1.50%, Kotak Bank 1.46% और Tata Steel 1.30% की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा था. Reliance, BEL जैसे अन्य शेयर भी ग्रीन जोन में बने रहे.मिडकैप में Godrej Properties 4.90%, Bharat Forge 2.10%, Policy Bazaar 2.10% और BHEL 1.80% ऊपर थे. स्मॉलकैप में Hindustan Copper 4.30% और Poonawalla 2.50% की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे.
वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेत
भारतीय बाजार को तेजी के लिए विदेशी बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिले. अमेरिकी बाजार शुक्रवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे. एशियाई बाजारों में भी उछाल दिखा. जापान का निक्केई करीब 5% या 2400 अंकों की बढ़त के साथ 56,600 के पार ट्रेड कर रहा था. हांगकांग का हैंग सेंग 1.50% चढ़कर 26,950 पर और साउथ कोरिया का कोस्पी 4% की तेजी के साथ 5290 पर पहुंच गया.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील फ्रेमवर्क का असर
ट्रेड डील के फ्रेमवर्क के जारी होने से बाजार में यह तेजी देखी जा रही है. हाल ही में जारी संयुक्त बयान में दोनों देशों ने अंतरिम समझौते का फ्रेमवर्क जारी किया, जिसमें कई सामानों पर टैरिफ कम करने या जीरो टैरिफ लागू करने का प्रावधान है. अमेरिका ने भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ 18% तय किया है. इससे पहले ट्रंप के ऐलान के बाद बाजार में भारी उछाल आया था और पिछले सप्ताह सेंसेक्स 2800 अंकों से अधिक चढ़ा था. टॉप-10 कंपनियों की वैल्यू में 4.55 लाख करोड़ का इजाफा हुआ. अब फ्रेमवर्क के स्पष्ट होने से निवेशकों को डील के फायदे साफ नजर आ रहे हैं.


