सोने-चांदी की कीमतों में आज कितना हुआ बदलाव? चेक करें दिल्ली-मुंबई के लेटेस्ट रेट्स

वैश्विक बाजार में सोने का भाव 0.2 फीसदी की गिरावट के साथ 4,063.87 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जो कि 21 नवंबर के बाद का इसका सबसे निचला स्तर है. जानिए कीमतों में और कितनी गिरावट दर्ज की गई.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: आज, 11 जून को सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. यह गिरावट वैश्विक भू-राजनीतिक उथल-पुथल और अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाओं के बीच आई है. 

हमलों की चेतावनी

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नए हमलों की चेतावनी के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना छह महीने के सबसे निचले स्तर पर फिसल गया है. इस तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिससे वैश्विक स्तर पर महंगाई की चिंताएं बढ़ गई हैं.

अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल

वैश्विक बाजार में सोने का भाव 0.2 फीसदी की गिरावट के साथ 4,063.87 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जो कि 21 नवंबर के बाद का इसका सबसे निचला स्तर है. वहीं, अगस्त डिलीवरी वाला अमेरिकी सोना 1.1 प्रतिशत टूटकर 4,086.50 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ. 

चांदी की कीमत

चांदी 0.9 फीसदी गिरकर 63.15 डॉलर प्रति औंस और प्लेटिनम 0.6 फीसदी की कमजोरी के साथ 1,655.06 डॉलर पर आ गया, जबकि पैलेडियम 1 फीसदी की बढ़त के साथ 1,225.25 डॉलर पर कारोबार कर रहा था.

भारत के प्रमुख शहरों में सोने का भाव 

अंतरराष्ट्रीय कमजोरी का सीधा असर घरेलू सर्राफा बाजारों पर भी देखने को मिला है. देश के प्रमुख महानगरों में आज 18 कैरेट, 22 कैरेट और 24 कैरेट सोने की कीमतें इस प्रकार रहीं.

मुंबई

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,47,860 प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई. वहीं, 22 कैरेट सोने का भाव 1,35,538 और 18 कैरेट सोना 1,10,895 प्रति 10 ग्राम पर आ गया.

दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत 1,47,610 प्रति 10 ग्राम रही. इसके अलावा, 22 कैरेट सोने का दाम 1,35,309 और 18 कैरेट सोने का रेट 1,10,708 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया.

बेंगलुरु

आईटी हब बेंगलुरु में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 1,47,980 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई, जबकि 22 कैरेट सोने का भाव 1,35,648 और 18 कैरेट सोने का रेट ₹1,10,985 रहा.

चांदी की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव

सोने के साथ-साथ चांदी की घरेलू कीमतों में भी बदलाव देखा जा रहा है. मुंबई में आज सिल्वर 999 फाइन की कीमत 2,36,790 प्रति किलोग्राम दर्ज की गई. वहीं, बेंगलुरु के बाजारों में आज शुद्ध चांदी का भाव 2,36,980 प्रति किलोग्राम के स्तर पर बना हुआ है. बाजार विश्लेषकों का मानना है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के चलते आने वाले दिनों में कीमती धातुओं के दामों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो