ईरान-इजरायल वॉर ने मार्केट में मचाई खलबली, सोने-चांदी के भाव में आया भारी उछाल; जानें दिल्ली-मुंबई में क्या है ताजा रेट
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने सोने-चांदी के बाजार को हिला दिया है. युद्ध का असर बजार में साफ दिख रहा है. आज 2 मार्च को सोने की कीमतों में 4-5% की बढ़त देखी गई. वहीं चांदी का हाल और भी बुरा है.

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने सोने-चांदी के बाजार को हिला दिया है. अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर बड़े हमलों के बाद, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर की मौत की खबर आई, वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ गई.
ऐसे में निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर भागे, जिससे सोना और चांदी के दाम में तेज उछाल आया. 2 मार्च 2026 को हफ्ते का पहला दिन ही बाजार में आग लग गई.
MCX पर रिकॉर्ड तेजी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने के अप्रैल वायदा भाव में करीब 3-3.5% की बढ़ोतरी देखी गई. भाव 1,66,000 रुपये से ऊपर पहुंचकर 1,66,700-1,67,900 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है, जो 4,000-5,800 रुपये की तेजी दिखाता है. अंतरराष्ट्रीय बाजार (Comex) में सोना $5,300-$5,380 प्रति औंस के नए ऊंचे स्तर पर पहुंचा, जहां 2% से ज्यादा का उछाल दर्ज हुआ.
चांदी में और भी जबरदस्त तेजी आई. MCX पर चांदी के भाव में 9,000-10,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई, जो 3-4% के करीब है. भाव 2,84,000 से 2,92,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया. यह सुरक्षित निवेश की मांग और भू-राजनीतिक जोखिम का नतीजा है.
ETF में भी जोरदार खरीदारी
सोने-चांदी के ETF में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की. सिल्वर ETF जैसे टाटा सिल्वर ETF में 7% से ज्यादा की तेजी आई, जबकि ICICI और SBI के सिल्वर ETF में 6% ऊपर ट्रेड हुआ. गोल्ड ETF में भी 4-5% की बढ़त देखी गई. यह दिखाता है कि निवेशक जोखिम से बचने के लिए इनमें पैसा लगा रहे हैं.
बड़े शहरों में ताजा रेट
दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े शहरों में 24 कैरेट सोना 1,73,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया. 22 कैरेट सोना भी 1,58,000-1,59,000 रुपये के आसपास है. वहीं चांदी 2,90,000-2,95,000 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही है. ये रेट लोकल चार्ज और मेकिंग के साथ बदल सकते हैं.
भारत में और महंगा होगा सोना-चांदी
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ईरान-इजरायल तनाव बढ़ता रहा तो सोना $5,500-$6,000 और चांदी $95-$100 प्रति औंस तक जा सकता है.
भारत में सोना 1.70 लाख-1.80 लाख और चांदी 3 लाख रुपये के पार पहुंचने की संभावना है, लेकिन बाजार में उतार-चढ़ाव रह सकता है. निवेश से पहले एक्सपर्ट से जरूर सलाह लें और सोच समझकर निवेश करें.


