यूपी में लड़कियों के लिए महिला ट्रेनर अनिवार्य, सीएम योगी ने सभी जिम की जांच के दिए निर्देश

यूपी में लड़कियों के लिए जिम में महिला ट्रेनर का होना अनिवार्य हो गया है. इसी कड़ी में सीएम योगी ने सभी जिम की जांच के निर्देश दिए हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी जिम की व्यापक जांच की जाए. उन्होंने कहा कि हर जिम में महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि महिला सदस्यों के लिए महिला ट्रेनर की उपलब्धता अनिवार्य रूप से हो. मुख्यमंत्री ने यह निर्देश वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए.

सीएम योगी ने अधिकारियों से क्या कहा? 

मुख्यमंत्री का यह आदेश ऐसे समय आया है, जब वाराणसी के एक पड़ोसी जिले में जिम की आड़ में कथित धर्मांतरण का गंभीर मामला सामने आया था. इस मामले में पुलिस ने एक सिपाही सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ जिमों का उपयोग गैरकानूनी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था. इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी जिमों का सत्यापन किया जाए और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर तुरंत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए धार्मिक आयोजनों को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी धार्मिक कार्यक्रम केवल संबंधित धार्मिक स्थलों के परिसर में ही आयोजित किए जाएं. सार्वजनिक स्थानों पर नई परंपराएं शुरू करने या बिना अनुमति के धार्मिक आयोजन करने की इजाजत नहीं दी जाएगी. उनका कहना था कि इससे सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी संभावित विवाद को रोकने में मदद मिलेगी.

बैठक में सुरक्षा और सतर्कता पर जोर 

बैठक में आने वाले त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा और सतर्कता पर भी विशेष जोर दिया गया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए. उन्होंने कहा कि जहरीली शराब की बिक्री से लोगों की जान को खतरा होता है, इसलिए पुलिस और प्रशासन को इस पर विशेष निगरानी रखनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी बैठक का प्रमुख विषय बनाया. उन्होंने कहा कि सड़कों पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने और अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से लिया जाए. इससे न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है. उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से सड़क सुरक्षा से संबंधित बैठकें आयोजित करने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag