MLA कंपनी ने बढ़ाए CNG के दाम, मुंबई, ठाणे समेत जानें किन क्षेत्रों में लागू होगी किमतें?
मुंबई और आसपास के इलाकों में सीएनजी से चलने वाले वाहनों का खर्च अब और बढ़ने वाला है. सरकारी गैस कंपनी महानगर गैस लिमिटेड ने गुरुवार को सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी.

मुंबई: मुंबई और आसपास के इलाकों में सीएनजी से चलने वाले वाहनों का खर्च अब और बढ़ने वाला है. सरकारी गैस कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (MLA) ने गुरुवार को सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी. इसी के साथ नई दरें 14 मई 2026 से लागू हो गई हैं. अब मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के अन्य इलाकों में सीएनजी 84 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिलेगी. इससे पहले इसकी कीमत 82 रुपये प्रति किलो थी.
इससे पहले कब बढ़े थे दाम
कंपनी की ओर से की गई यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के बाद वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ा है. वहीं ब्रेंट क्रूड की कीमत भी पिछले कुछ दिनों से 105 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई है, जिसका सीधा असर गैस और ईंधन की लागत पर पड़ रहा है. इससे पहले अप्रैल 2026 में भी सीएनजी के दाम बढ़ाए गए थे.
ऑटो यूनियन ने भी उठाई मांग
सीएनजी महंगी होने के तुरंत बाद मुंबई की ऑटो यूनियनों ने किराया बढ़ाने की मांग शुरू कर दी है. यूनियनों का कहना है कि लगातार बढ़ती ईधन कीमतों के कारण मौजूदा किराए में ऑटो चलाना मुश्किल हो गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक यूनियनों ने बेस किराए में कम से कम 1 रुपये की बढ़ोतरी की मांग की है. आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में करीब 12 लाख वाहन सीएनजी पर निर्भर हैं. इनमें लगभग 4.7 लाख ऑटो रिक्शा, 1.6 लाख टैक्सियां और 5 लाख से ज्यादा निजी वाहन शामिल हैं. ऐसे में सीएनजी की कीमत बढ़ने का असर बड़ी संख्या में आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है.
शेयर बाजार में आई तेजी
इस बीच, कंपनी के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली. बता दें, लगातार चार दिन की गिरावट के बाद एमजीएल के शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए. बीएसई पर कंपनी का शेयर बढ़त के साथ खुला और कारोबार के दौरान इसमें करीब 1.69 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई. फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है.


