पेट्रोल-डीजल भरवाने में ढीली होगी जेब या मिलेगी राहत? जानें आज की नई कीमतें
रविवार, 14 जून को घरेलू तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की दरों में कोई नया बदलाव नहीं किया है और कीमतें पूरी तरह स्थिर बनी हुई हैं.

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक उथल-पुथल के बीच देश में आम उपभोक्ताओं को ईंधन की कीमतों के मोर्चे पर फिलहाल थोड़ी राहत मिली है. रविवार, 14 जून को घरेलू तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की दरों में कोई नया बदलाव नहीं किया है और कीमतें पूरी तरह स्थिर बनी हुई हैं. वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई हाल ही में गिरावट के बावजूद भारतीय उपभोक्ता अभी भी ईंधन की रिकॉर्ड महंगाई का सामना कर रहे हैं. पिछले कुछ हफ्तों में हुई ताबड़तोड़ बढ़ोतरी के कारण देश के कई बड़े शहरों में पेट्रोल का भाव 114 रुपये प्रति लीटर के आंकड़े को पार कर चुका है.
युद्ध के चलते चार बार बढ़े दाम
हाल के महीनों में भू-राजनीतिक संकट शुरू होने के बाद से भारतीय तेल विपणन कंपनियों ने ईंधन की कीमतों में चार बार बड़ा इजाफा किया है. आखिरी बढ़ोतरी पिछले महीने की गई थी. जब पेट्रोल में 2.6 रुपये और डीजल में 2.7 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी. इस पूरे संकट के दौरान देश में ईंधन के दाम कुल मिलाकर 7.5 से 8 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं.
सरकारी तेल कंपनियों पर असर
इस संकट का असर सिर्फ आम जनता पर ही नहीं बल्कि देश की सरकारी तेल कंपनियों पर भी पड़ा है. कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों के कारण सरकारी तेल कंपनियों को प्रतिदिन 1,600 से 1,700 करोड़ रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा है, जो पिछले 10 हफ्तों में बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है.
शहरों में आज का भाव
स्थानीय करों और वैट की अलग-अलग दरों के कारण राज्यों के बीच ईंधन के दामों में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है. देश की राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये पर बिक रहा है. वहीं, कोलकाता में पेट्रोल का रेट 113.51 रुपये और डीजल का 99.82 रुपये दर्ज किया गया.
मुंबई का हाल
आर्थिक राजधानी मुंबई में ग्राहकों को पेट्रोल के लिए 111.21 रुपये और डीजल के लिए 97.83 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं. चेन्नई में पेट्रोल 108.01 रुपये और डीजल 99.66 रुपये के स्तर पर है. इसके अलावा बेंगलुरु में पेट्रोल 110.89 रुपये व डीजल 98.80 रुपये है. जबकि हैदराबाद में पेट्रोल का भाव सबसे ऊंचे स्तरों में से एक यानी 115.73 रुपये और डीजल 103.82 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है.
ग्लोबल मार्केट में ब्रेंट क्रूड लुढ़का
इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार से राहत की खबरें आ रही हैं. होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति बहाल होने के संकेतों और कूटनीतिक शांति समझौते की प्रगति के कारण वैश्विक तेल की कीमतें इस संकट के शुरुआती दिनों के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई हैं.
3.4 फीसदी की गिरावट
अमेरिकी बयानों और शांति की उम्मीदों के बीच ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 3.4 फीसदी की गिरावट के साथ 87.3 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ. जिससे पूरे हफ्ते में इसमें 6.2 फीसदी की कमी आई है. साथ ही वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट में भी शुक्रवार को 3.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. अब देखना होगा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार की इस गिरावट का फायदा भारतीय उपभोक्ताओं को कब मिलता है.


