शराब पिया, छेड़छाड़ किया फिर...गुरुग्राम की बर्थडे पार्टी में 19 साल की छात्रा से रेप, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दबोचा

गुरुग्राम से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे जानकार आपकी रूह कांप उठेगी. मात्र 19 साल की छात्रा के साथ 29 साल के युवक ने सरेआम दुष्कर्म किया, उसके बाद तुरंत मौके से फरार हो गया.

Sonee Srivastav

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर-33 की एक सोसाइटी में शनिवार रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान 19 साल की कॉलेज छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया और सोमवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. आइए जानते हैं कैसे घटी यह घटना.

पार्टी में क्या हुआ?

पीड़िता पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और दिल्ली में कॉलेज में पढ़ती है. वह अपनी महिला दोस्त के फ्लैट पर बर्थडे पार्टी में शामिल होने आई थी. पार्टी में शराब पी जा रही थी. दिल्ली के रोहिणी इलाके का रहने वाला 29 वर्षीय दिव्यम भी एक दोस्त के साथ पार्टी में मौजूद था.

देर रात शराब के नशे में धुत दिव्यम ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. इसके बाद उसने नशे का फायदा उठाते हुए छात्रा को अपार्टमेंट के सुनसान हिस्से में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता ने जोर-जोर से विरोध किया और शोर मचाया, जिस पर उसकी दोस्त को जानकारी मिली. वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया.

पीड़िता ने की पुलिस में शिकायत

घटना के अगले दिन पीड़िता ने सदर थाने में पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज किया. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसका बयान मजिस्ट्रेट के सामने भी दर्ज कराया गया.

पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी दिव्यम को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पता चला कि आरोपी शराब के नशे में था और उसी हालत में उसने यह अपराध किया. पार्टी में मौजूद अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.

आरोपी को भेजा गया जेल

सोमवार को आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच चल रही है और जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं. यह मामला युवतियों की सुरक्षा और पार्टी में शराब के सेवन को लेकर फिर से सवाल खड़ा कर रहा है. पुलिस ने सभी को सतर्क रहने की सलाह दी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो