आंख फोड़ना, सीमेंट ब्लॉक और हथौड़े वाले 4 बड़े सीन गायब! सेंसर बोर्ड ने रिलीज से पहले 'धुरंधर 2' के कितने सीन किए कट?
रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 कल 19 मार्च को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है. रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कई तरह के कट लगा दिए हैं. 3 घंटे 51 मिनट की फिल्म को कट कर दिया गया है.

नई दिल्ली: अदित्य धर निर्देशित फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज कल 19 मार्च 2026 को थिएटर्स में रिलीज हो रही है. रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और संजय दत्त स्टारर इस एक्शन थ्रिलर के पेड प्रीव्यू आज से शुरू हो चुके हैं, लेकिन सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) की रिपोर्ट सामने आने के बाद चर्चा गर्म है. फिल्म को 'A' सर्टिफिकेट मिला है पर भारत में इसका रनटाइम विदेशी वर्जन से करीब 6 मिनट कम है.
कुल कितना टाइम कटा
मेकर्स ने CBFC को करीब 3 घंटे 51 मिनट की फिल्म सबमिट की थी. बोर्ड ने अतिरिक्त करीब 1.3 मिनट काटे, जिसके बाद भारत में रनटाइम 3 घंटे 49 मिनट 36 सेकंड रह गया. विदेशी वर्जन लगभग 3 घंटे 55 मिनट लंबा है. रिपोर्ट के मुताबिक CBFC ने कुल 21 बदलाव सुझाए, जिनमें से 4 बड़े बदलाव अत्यधिक हिंसा वाले विजुअल्स से जुड़े थे.
हिंसा वाले प्रमुख कट्स की लिस्ट
- आंख कुचलने के सीन में कटौती.
- सर काटने और लात मारने के दृश्य को 24 सेकंड घटाया गया
- सिर पर सीमेंट ब्लॉक मारने के विजुअल्स कम किए गए.
- सिर पर हथौड़े से मारने के सीन में भी एडिट.
इनके अलावा गाली-गलौज वाले शब्दों को म्यूट या बदलने, कुछ अन्य छोटे हिंसक मोमेंट्स को ट्रिम करने और ड्रग्स से जुड़े डिस्क्लेमर जोड़ने जैसे बदलाव भी किए गए. सबटाइटल में डेमोनेटाइजेशन की तारीखें सही की गई और एक जगह "लाहौर" को "दिल्ली" से बदल दिया गया. फिल्म में प्रधानमंत्री के रेफरेंस और न्यूज फुटेज इस्तेमाल के लिए मेकर्स ने आधिकारिक अनुमति पत्र भी जमा किया था.
#Dhurandhar2 — 21 items on the cut/mute list in the Indian censor. pic.twitter.com/BamTONqjVI
— Lets Cinema (@letscinema) March 17, 2026
नेटिजन्स की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि 'A' रेटिंग होने के बावजूद एक्शन सीक्वेंस क्यों काटे गए. एक यूजर ने लिखा, “सेंसर बोर्ड फिल्म एडिट करने आया है या दर्शकों का दिमाग?” दूसरे ने कहा, “बड़े हो चुके हैं हम, खुद फैसला करने दो.” कुछ ने तो बोर्ड के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े कर दिए.
धुरंधर फिल्म का विवरण
दरअसल पहली फिल्म धुरंधर दिसंबर 2025 में रिलीज हुई थी और उसने साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनकर इतिहास रच दिया था. सीक्वल में रणवीर सिंह दो रोल्स (जस्कीरत और हमजा) में नजर आएंगे. ट्रेलर में रिवेंज और हाई-ऑक्टेन एक्शन का जबरदस्त माहौल है.
पेड प्रीव्यू की एडवांस बुकिंग में 40 करोड़ से ज्यादा की कमाई हो चुकी है, जबकि 19 मार्च के पहले दिन के लिए लाखों टिकट बिक चुके हैं. दर्शक अब इस छोटे वर्जन को थिएटर में देखने को उत्सुक हैं.


