नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा 2026 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. बता दें, जिन छात्रों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है, वे अब अपना एडमिट कार्ड parikshasangam.cbse.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं. वहीं बोर्ड के मुताबिक, यह परीक्षा 28 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी.
जानकारी के अनुसार, रेगुलर छात्रों को एडमिट कार्ड स्कूल द्वारा ही डोनलोड करके दिया जायेगा, जिसमें स्कूल के प्रिंसिपल के हस्ताक्षर और मुहर लगी होनी जरूरी होगी। वहीं, निजी उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड apps.cbseit.in/comptt पोर्टल से डाउनलोड कर सकते हैं. हालांकि, उन्हें अपने अंतिम स्कूल के प्रिंसिपल या परीक्षा केंद्र के अधीक्षक से एडमिट कार्ड पर हस्ताक्षर और मुहर जरूर करवानी होगी.
CBSE ने छात्रों को परीक्षा के दौरान सभी नियमों का पालन करने की सलाह दी है. इस दौरान परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. ऐसा करने पर बोर्ड के नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जा सकती है. बोर्ड ने यह भी बताया कि हर परीक्षा से पहले छात्रों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा. साथ ही छात्रों और अभिभावकों से कहा गया है कि वे परीक्षा से जुड़ी हर नई जानकारी के लिए CBSE की आधिकारिक वेबसाइट और अपने स्कूल से जुड़े रहें.
बता दें कि CBSE ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट 13 मई को जारी किया था, जिसमें कुल 85.20 फीसदी छात्र सफल हुए थे. अगर सप्लीमेंट्री परीक्षा की बात करें तो इसे पास करने के लिए छात्रों को हर विषय और कुल मिलाकर कम से कम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा। जिन विषयों में प्रैक्टिकल है, उनमें थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों में अलग-अलग 33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है. First Updated : Wednesday, 22 July 2026