CBSE 10वीं रिजल्ट में बड़ा उछाल, दूसरी परीक्षा के बाद पास प्रतिशत पहुंचा 96.78%

CBSE की दूसरी बोर्ड परीक्षा के बाद कक्षा 10 का कुल पास प्रतिशत बढ़कर 96.78% हो गया. दूसरी परीक्षा देने वाले लगभग 60% छात्रों ने अपने अंकों में सुधार किया, जिससे नई दो-बोर्ड परीक्षा व्यवस्था को सकारात्मक परिणाम मिले.

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10 की दूसरी बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस परीक्षा के बाद छात्रों का कुल पास प्रतिशत बढ़कर 96.78% पहुंच गया है. सबसे खास बात यह रही कि दूसरी परीक्षा में शामिल होने वाले लगभग 60 फीसदी छात्र अपने अंकों में सुधार करने में सफल रहे. 

बोर्ड के अनुसार, दूसरी परीक्षा के लिए 6,64,027 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि 6,63,777 छात्र परीक्षा में शामिल हुए. इनमें से 5,13,955 छात्र ऐसे थे, जिन्होंने मुख्य परीक्षा के बाद अपने अंक बेहतर करने के लिए दोबारा परीक्षा दी थी. इनमें 3,08,095 छात्रों (59.95%) के अंक पहले से बेहतर आए. 

कितने छात्रों ने दी कंपार्टमेंट परीक्षा 

इसके अलावा 1,49,822 छात्रों ने कंपार्टमेंट परीक्षा दी. इनमें से 78,503 छात्र (52.40%) पास हुए. पिछले साल कंपार्टमेंट परीक्षा का पास प्रतिशत 48.68% था, यानी इस बार इसमें 3.72 प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई. बता दें कि 15 अप्रैल को घोषित मुख्य बोर्ड परीक्षा में कक्षा 10 का पास प्रतिशत 93.70% था. दूसरी परीक्षा के बेहतर अंकों को अंतिम रिजल्ट में जोड़ने के बाद यह बढ़कर 96.78% हो गया. यानी कुल पास प्रतिशत में 3.08 प्रतिशत अंकों का इजाफा हुआ है.

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा कि दूसरी बोर्ड परीक्षा का उद्देश्य छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार का एक और मौका देना था. उन्होंने बताया कि नियमित छात्रों के अंतिम परिणाम तैयार करते समय दोनों परीक्षाओं में से जिस परीक्षा में बेहतर अंक मिले, उसी को आधार बनाया गया है. 

कब लागू हुई थी राष्ट्रीय शिक्षा नीति

दरअसल, यह पहली बार है जब सीबीएसई ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत कक्षा 10 में दो-बोर्ड परीक्षा प्रणाली लागू की है. इस व्यवस्था में मुख्य परीक्षा देने वाले छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं समेत अधिकतम तीन विषयों में दोबारा परीक्षा देकर अपने अंक सुधार सकते हैं. इसका मकसद बोर्ड परीक्षा के दबाव को कम करना और छात्रों को बेहतर प्रदर्शन का एक अतिरिक्त अवसर देना है. छात्र अपना रिजल्ट और डिजिटल मार्कशीट डिजीलॉकर से डाउनलोड कर सकते हैं. वहीं, मूल मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट संबंधित स्कूलों के माध्यम से दिए जाएंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो