जम्मू-कश्मीर में बारिश बनी काल! राजौरी-पुंछ में फ्लैश फ्लड से 4 की मौत, 5 लापता लोगों की तलाश जारी
जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण आई फ्लैश फ्लड और भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग लापता हैं.

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी. रातभर हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की घटनाएं हुईं. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं. राहत और बचाव दल लापता लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं.
पुंछ और राजौरी में सबसे ज्यादा नुकसान
पुंछ जिले में भारी बारिश के दौरान एक मकान गिरने से तीन लोगों की जान चली गई. वहीं राजौरी जिले में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुंछ के हवेली क्षेत्र में सात मकानों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
उफनती नदियों ने बढ़ाई मुश्किलें
राजौरी में लगातार बारिश के बाद दरहाली, खांडली, सुकतोह और जमोला समेत कई नदियां खतरे के निशान के आसपास या उससे ऊपर बहने लगी. दरहाली नदी ने बाढ़ सुरक्षा दीवार तोड़ दी, जिससे बेला कॉलोनी और नए बस अड्डे में पानी भर गया. कई वाहन पानी में बह गए या पूरी तरह डूब गए.
अब्दुल्ला ब्रिज के पास स्थित बस्ती सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में रही, जहां 50 से अधिक परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा. तारिक ब्रिज के आसपास भी पानी भरने से पुलिस और आपदा राहत दल ने लोगों को सुरक्षित निकाला.
राहत और बचाव अभियान जारी
प्रशासन, पुलिस और बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में राहत कार्य कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है. बाढ़ का पानी कम होने के बाद संपत्ति और अन्य नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा. पुलिस लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त कर रही है और नदी किनारे व निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है.
#WATCH | Rajouri, J&K: Continous heavy rainfall triggerd flash floods in Rajouri district. Floodwaters from the Dharhali River inundated the New Bus Stand area at Bela, washing away several parked vehicles. The district administration has issued a high alert, urging residents to… pic.twitter.com/llrMvAGEZW
— ANI (@ANI) July 19, 2026
23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 23 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है. पिछले 24 घंटों में रियासी में सबसे अधिक 106 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि राजौरी, उधमपुर, कटड़ा, पुंछ और बटोट में भी भारी वर्षा हुई. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है.


