दिल्लीवालों के लिए मौसम पर बड़ा अपडेट! बारिश के बाद भी सताएगी उमस, यूपी में अगले 24 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून सक्रिय हो गया है. दिल्ली में मौसम सुहाना होने के बावजूद उमस से राहत नहीं मिलेगी, जबकि उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ली है. कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है. मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

दिल्ली में मौसम हुआ सुहाना

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रविवार सुबह मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना रहा. आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के कारण तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

IMD के अनुसार, दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर हवा के झोंके 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. हालांकि, बारिश के बावजूद लोगों को उमस और गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. रविवार को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

अगले 24 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है.

इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज आंधी की भी आशंका है. प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है.

हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. कई पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखा गया है.

राजौरी में बाढ़ जैसे हालात, यात्रा पर असर

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं. कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने और बाढ़ संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है. खराब मौसम को देखते हुए एहतियातन अमरनाथ यात्रा और माता वैष्णो देवी यात्रा को रविवार से अस्थायी रूप से रोक दिया गया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो