नई दिल्ली: देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है. राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG Re-Exam 2026) में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थी बेसब्री से अपने एडमिट कार्ड का इंतजार कर रहे हैं. इस बार परीक्षा का आयोजन 21 जून को किया जाएगा, जिसमें भारत के 552 शहरों और विदेशों के 14 परीक्षा केंद्रों पर करीब 22.79 लाख छात्र शामिल होंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) किसी भी समय एडमिट कार्ड जारी कर सकती है. माना जा रहा है कि प्रवेश पत्र अगले एक-दो दिनों में डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो सकते हैं. हालांकि, एजेंसी की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है.
जैसे ही एनटीए एडमिट कार्ड जारी करेगा, छात्र इसे ऑनलाइन माध्यम से आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें कुछ सरल स्टेप्स फॉलो करने होंगे.
सबसे पहले उम्मीदवारों को NEET UG की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा.
वेबसाइट के होम पेज पर दिखाई देने वाले "Latest News" सेक्शन में जाकर NEET UG 2026 Admit Card लिंक पर क्लिक करना होगा.
इसके बाद आवेदन संख्या (Application Number), पासवर्ड और स्क्रीन पर दिखाया गया सुरक्षा कोड भरकर लॉगिन करना होगा.
लॉगिन करने के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा. छात्र इसे डाउनलोड कर सकते हैं और भविष्य के उपयोग के लिए इसका प्रिंटआउट भी निकाल सकते हैं.
परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज होगा. इसके बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. इसके साथ ही छात्रों को एक वैध पहचान पत्र भी साथ रखना होगा. पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या अन्य मान्य दस्तावेज ले जाए जा सकते हैं. परीक्षा केंद्र पर दस्तावेजों की जांच के बाद ही उम्मीदवारों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा. इसलिए परीक्षा के दिन घर से निकलने से पहले सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच जरूर कर लें.
इस बार छात्रों के लिए एक राहत भरी खबर भी है. पहले NEET परीक्षा के लिए कुल 180 मिनट यानी 3 घंटे का समय दिया जाता था. लेकिन अब परीक्षा अवधि में 15 मिनट की बढ़ोतरी कर दी गई है. नई व्यवस्था के अनुसार उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए कुल 3 घंटे 15 मिनट का समय मिलेगा. इससे छात्रों को सवालों को पढ़ने और हल करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा, जो कई उम्मीदवारों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा देशभर में एक ही दिन और एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी. परीक्षा का माध्यम पहले की तरह पेन और पेपर आधारित रहेगा. छात्रों को ओएमआर शीट पर उत्तर भरने होंगे. ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि एडमिट कार्ड जारी होते ही उसे डाउनलोड कर सकें. परीक्षा से जुड़ी किसी भी महत्वपूर्ण सूचना के लिए केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें. First Updated : Sunday, 14 June 2026