सीबीएसई कक्षा 12वीं कॉपियों की री-चेकिंग में कटे एक्स्ट्रा पैसे? अब बोर्ड देगा पूरा रिफंड
सीबीएसई बोर्ड ने कहा कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण 12वीं कक्षा के कई छात्रों से अतिरिक्त शुल्क वसूला गया है. सीबीएसई ने भरोसा दिलाया कि जिन छात्रों से ज्यादा पैसे कटे हैं, उन्हें उसी पेमेंट मोड के जरिए पूरी राशि वापस कर दी जाएगी.

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की री-चेकिंग प्रक्रिया इस बार छात्रों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है. बता दें, रिजल्ट जारी होने के बाद शुरू हुई स्कैन कॉपी और री-इवैल्यूएशन की प्रक्रिया तकनीकी खामियों और पेमेंट गड़बड़ियों के चलते विवादों में आ गई, जहां छात्रों के भारी संख्या में आवेदन करने से बोर्ड का पोर्टल कई बार ठप पड़ गया. इसके बाद सोशल मीडिया पर छात्रों और अभिभावकों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की थी, जिसके बाद अपने बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, साल 2026 में बोर्ड द्वारा री-चेकिंग और स्कैन कॉपी की फीस में कटौती किए जाने के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने आवेदन किया था. वहीं 19 मई को विंडो खुलने के साथ ही पोर्टल पर ट्रैफिक अचानक बढ़ गया और कई छात्रों को लॉगिन एरर, इनवैलिड टोकन और सर्वर क्रैश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा. इतना ही नहीं हालात इतने खराब हो गए कि आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 24 मई कर दी गई.
क्या-क्या हुई परेशानी
हालांकि, अंतिम दिन भी छात्रों की परेशानियां कम नहीं हुईं. कई छात्रों ने शिकायत की कि उनके बैंक खातों से पैसे कट गए, लेकिन पोर्टल पर पेमेंट फेल दिखाया गया। इसके साथ ही कुछ छात्रों ने खातों से तय फीस से अधिक रकम कटने शिकायत साझा की. वहीं, कुछ को ऐसी स्कैन कॉपियां मिलीं जो बेहद धुंधली थीं और पढ़ने लायक नहीं थीं.
पूरी राशि मिलेगी वापस
इस घटना के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस पर संज्ञान लिया और बोर्ड से विस्तृत रिपोर्ट की मांग की। वहीं अब सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने आधिकारिक नोटिस जारी कर छात्रों को राहत देने की घोषणा की है. बोर्ड ने कहा कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई छात्रों से अतिरिक्त शुल्क वसूला गया है. सीबीएसई ने भरोसा दिलाया कि जिन छात्रों से ज्यादा पैसे कटे हैं, उन्हें उसी पेमेंट मोड के जरिए पूरी राशि वापस कर दी जाएगी. इसके लिए अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी.
इसके अलावा बोर्ड ने स्पष्ट किया कि जिन छात्रों का आवेदन तकनीकी कारणों से प्रभावित हुआ है, उन्हें बिना दोबारा आवेदन किए उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं जिन छात्रों से कम शुल्क जमा हुआ है, उन्हें बोर्ड अलग से सूचना देगा.


