‘ममता दीदी ने सब गलत...’ बंगाल में सीएम सहित TMC गुंडों पर जमकर बरसे PM मोदी
PM मोदी ने कहा, “15 साल पहले TMC 'माँ, माटी, मानुष' कहकर सत्ता में आई थी। आज वे ये शब्द बोल भी नहीं पाते। बोलेंगे तो उनके पाप सामने आ जाएंगे।”

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में रविवार (26 अप्रैल 2026) को चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी ने अपने ही नारे "माँ, माटी, मानुष" के साथ धोखा किया है। PM ने आरोप लगाया कि TMC के राज में बंगाल में शासन पूरी तरह चरमरा गया है।
पीएम मोदी का ममता बनर्जी पर हमला!
आपको बताते चलें कि इस चुनावी रैली के दौरान PM मोदी ने कहा, “15 साल पहले TMC 'माँ, माटी, मानुष' कहकर सत्ता में आई थी। आज वे ये शब्द बोल भी नहीं पाते। बोलेंगे तो उनके पाप सामने आ जाएंगे।” उन्होंने कहा कि TMC की क्रूरता ने ‘माँ’ को रुला दिया, ‘माटी’ को सिंडिकेट और घुसपैठियों के हवाले कर दिया और बंगाल के ‘मानुष’ को पलायन करने पर मजबूर कर दिया।
प्रधानमंत्री ने इस दौरान यह भी दावा किया कि पहले चरण के मतदान ने TMC का आत्मविश्वास तोड़ दिया है। 23 अप्रैल को 152 सीटों पर 93% वोटिंग हुई थी। बाकी 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोट पड़ेंगे। उन्होंने कहा, “बंगाल ने पहले चरण में कमाल किया है। TMC का अहंकार चकनाचूर हो गया है। अब दूसरे चरण में BJP की बड़ी जीत तय है।”
बंगाल में युवाओं को नशे में धकेला- PM मोदी
PM मोदी ने रोजगार और युवाओं के मुद्दे पर TMC को घेरा। उन्होंने कहा कि बंगाल के युवा बहुत प्रतिभाशाली हैं, लेकिन TMC सरकार ने उन्हें नशे की तरफ धकेल दिया। उन्होंने आगे यह भी कहा कि हमारा बंगाल रचनात्मकता का सरताज है।
पीएम ने कहा, “BJP यहां के युवाओं की क्रिएटिविटी को ताकत देगी। आज बंगाल के बच्चों के म्यूजिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मैंने भी कुछ रील्स देखी हैं। जो लोग 'झाल मुड़ी' से चिढ़ते हैं, उन्हें युवाओं की रचनात्मकता पसंद नहीं आती। BJP कंटेंट क्रिएशन और अर्थव्यवस्था को बंगाल की ताकत बनाएगी।”
मोदी का बंगाल से ये बड़ा वादा
PM मोदी ने TMC पर बंगाल के खेल इकोसिस्टम को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सिंडिकेट राज की वजह से राज्य का खेल ढांचा कमजोर हुआ है। PM ने कहा, “BJP बंगाल की खेल संस्कृति को नई रफ्तार देगी। कुछ महीने पहले कोलकाता में जो दृश्य दिखे, उन्होंने दुनिया भर के फुटबॉल फैंस को चौंका दिया था। यह ‘महा जंगलराज’ का नतीजा था। मैं बंगाल के खिलाड़ियों को भरोसा देता हूं कि 'खेलो इंडिया' के तहत यहां नया और मजबूत खेल इकोसिस्टम बनेगा।”


