तो क्या ट्रंप ने अपने ऊपर खुद ही करवाया हमला? कैरोलिन लेविट के दावे ने किया हैरान
कैरोलिन लेविट ने हाल ही में एक बयान में कहा, “ट्रंप पूरी तरह तैयार हैं। उनका भाषण मजेदार और एंटरटेनिंग होगा। आज रात कुछ शॉट्स भी फायर होंगे, इसलिए सबको देखना चाहिए।”

नई दिल्ली: व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर से ठीक पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट का एक बयान अब सुर्खियों में है। हाल ही में लेविट ने फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में कहा था कि आज रात कुछ शॉट्स फायर होंगे।
उनका इशारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तीखे भाषण की तरफ था। लेकिन कुछ ही देर बाद डिनर हॉल के बाहर सच में गोलीबारी हो गई। टाइमिंग को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और लेविट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
कैरोलिन लेविट का बड़ा दावा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कैरोलिन लेविट ने हाल ही में एक बयान में कहा, “ट्रंप पूरी तरह तैयार हैं। उनका भाषण मजेदार और एंटरटेनिंग होगा। आज रात कुछ शॉट्स भी फायर होंगे, इसलिए सबको देखना चाहिए।” यहां "शॉट्स फायर्ड" का मतलब राजनीतिक तंज या तीखे हमले से था।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने भाषण लिखा है, तो लेविट ने जवाब दिया कि ज्यादातर ट्रंप ने खुद लिखा है। लेकिन बयान के कुछ देर बाद ही हॉल के बाहर गोली चलने की खबर आई। इसके बाद लोगों ने उनके शब्दों को अलग नजरिए से देखना शुरू कर दिया।
सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल
जैसे ही लेविट का वीडियो वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगने लगीं। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या लेविट को पहले से घटना की जानकारी थी। एक एक्स यूजर ने लिखा, “उन्होंने पहले ही शूटिंग की बात कैसे कह दी?”
कुछ पोस्ट में इसे “फॉल्स फ्लैग” तक करार दिया गया। यानी यूजर ने पूछा कि क्या ट्रंप ने खुद अपने ऊपर हमला करवाया। एक और यूजर ने लिखा, “कैरोलिन लेविट ने सभी से आज रात देखने को कहा क्योंकि डोनाल्ड ट्रंप माहौल गरमाएंगे, और गोलियां चलेंगी। क्या पॉलिटिकल फायदा उठाने के लिए यह पहले से प्लान किया गया था?”
डिनर के दौरान हुई थी गोलीबारी
गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप के कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान एक शख्स बंदूक और चाकू लेकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। वह बॉलरूम की तरफ बढ़ रहा था, तभी यूएस सीक्रेट सर्विस ने उसे रोक लिया। अमेरिका की मीडिया एजेंसियों के अनुसार डोनाल्ड ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इस घटना के बाद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को पहले बाहर निकाला गया। एजेंट्स ने ट्रंप और मेलानिया ट्रंप को घेरकर सुरक्षित जगह पहुंचाया। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं। लेविट के बयान को रूपक माना जा रहा है, लेकिन टाइमिंग के कारण विवाद बढ़ गया है।


