3 इडियट्स सीक्वल: बॉलीवुड में साल 2026 को लेकर एक्साइटमेंट लगातार बढ़ता जा रहा है. जहां एक ओर शाहरुख खान ‘किंग’ बनकर बड़े पर्दे पर लौटने की तैयारी में हैं और सलमान खान फौजी अवतार में नजर आएंगे, वहीं आमिर खान भी अपने फैन्स के लिए एक खास सरप्राइज प्लान कर चुके हैं. भले ही 2026 में आमिर की कोई नई फिल्म रिलीज न हो, लेकिन उनका सबसे चर्चित प्रोजेक्ट चर्चा में आ चुका है.
दरअसल, आमिर खान की आइकॉनिक फिल्म ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. साल 2009 में रिलीज हुई इस सुपरहिट फिल्म ने दर्शकों को सिर्फ हंसाया ही नहीं, बल्कि जिंदगी को देखने का एक नया नजरिया भी दिया था. अब खबर है कि इसी कहानी को आगे बढ़ाते हुए ‘4 इडियट्स’ के नाम से इसका सीक्वल लाने की तैयारी की जा रही है.
25 दिसंबर 2009 को रिलीज हुई ‘3 इडियट्स’ राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी थी. फिल्म में आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी की तिकड़ी को दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया. चेतन भगत के नॉवेल ‘फाइव पॉइंट समवन’ से प्रेरित इस फिल्म में रैंचो, फरहान कुरैशी और राजू रस्तोगी के किरदार आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं. यह फिल्म आज भी कई दर्शकों की फेवरेट लिस्ट में टॉप पर बनी हुई है.
हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर खान और निर्देशक राजकुमार हिरानी एक बार फिर इस क्लासिक दुनिया में लौटने के लिए तैयार हैं. बताया जा रहा है कि करीना कपूर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी भी एक बार फिर इस फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा होंगे. राजकुमार हिरानी का प्लान है कि 2026 के मध्य तक इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म को फ्लोर पर ले आया जाए.
सूत्रों के अनुसार, ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल की कहानी फाइनल हो चुकी है और फिलहाल स्क्रीनप्ले पर तेजी से काम चल रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले कुछ महीनों में स्क्रिप्ट पूरी तरह तैयार हो जाएगी. अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक रहा, तो फिल्म जून-जुलाई 2026 के आसपास शूटिंग के लिए फ्लोर पर जा सकती है.
'सितारे जमीन पर’ के बाद आमिर खान और राजकुमार हिरानी एक और फिल्म पर साथ काम करने वाले थे. चर्चा थी कि दोनों दादासाहेब फाल्के की बायोपिक पर काम कर रहे हैं, जिसकी शूटिंग जनवरी 2026 में शुरू होनी थी. हालांकि, आमिर खान को इसकी स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई. स्क्रिप्ट में बदलाव के बावजूद बात नहीं बनी और अंततः इस प्रोजेक्ट को फिलहाल रोक दिया गया. इसके बाद दोनों ने ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल पर फोकस करने का फैसला लिया. First Updated : Thursday, 25 December 2025