भारत-पाक तनाव के बीच आमिर खान ने टाली सितारे जमीन पर की ट्रेलर लॉन्चिंग

Sitaare Zameen Par: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते आमिर खान ने अपनी आगामी फिल्म सितारे जमीन पर का ट्रेलर लॉन्च फिलहाल स्थगित कर दिया है. यह ट्रेलर 8 मई को रिलीज होना था. इस फिल्म में दस नए कलाकारों को पहली बार बड़े पर्दे पर लॉन्च किया जा रहा है.

calender

Sitaare Zameen Par: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते अभिनेता और निर्माता आमिर खान ने अपनी आगामी फिल्म सितारे जमीन पर का ट्रेलर लॉन्च फिलहाल स्थगित कर दिया है. यह ट्रेलर 8 मई को रिलीज़ किया जाना था, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए आमिर ने इसे कुछ समय के लिए टालने का फैसला लिया है.

आमिर खान के इस फैसले से पहले फिल्म भूल चुक माफ की टीम भी घोषणा कर चुकी है कि वर्तमान हालात को देखते हुए वे अपनी फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज नहीं करेंगे. सीमाओं पर जारी स्थिति और सुरक्षा अलर्ट के मद्देनज़र यह निर्णय फिल्म इंडस्ट्री के लिए एकजुटता और ज़िम्मेदारी का प्रतीक माना जा रहा है.

सीमाओं पर तनाव के बीच आमिर का फैसला

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस से जुड़े एक सूत्र ने बताया, "सीमा पर जारी घटनाओं और देशभर में सतर्कता को देखते हुए आमिर ने सितारे जमीन पर का ट्रेलर रिलीज फिलहाल रोकने का फैसला लिया है. उनकी संवेदनाएं हमारी सेना के वीर जवानों के साथ हैं. उनका मानना है कि इस समय संयम और एकजुटता से प्रतिक्रिया देना जरूरी है."

इससे पहले भी अप्रैल 22 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सितारे जमीन पर का ट्रेलर रिलीज टाल दिया गया था. उस समय आमिर ने मुंबई में अपने कल्ट क्लासिक फिल्म अंदाज अपना अपना के स्पेशल प्रीमियर में भी शामिल न होकर अपने रुख को स्पष्ट किया था.

सितारे जमीन पर की कहानी

आर.एस. प्रसन्ना द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक डार्क कॉमेडी-ड्रामा है, जिसमें आमिर खान और जेनेलिया देशमुख मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. यह फिल्म 2018 की स्पेनिश फिल्म Campeones की आधिकारिक हिंदी रीमेक है.

कहानी एक ऐसे बास्केटबॉल कोच की है जो खुद को बेहद अहम समझता है, लेकिन जब उसे विशेष रूप से सक्षम बच्चों की टीम को ट्रेनिंग देने की जिम्मेदारी मिलती है, तो उसका जीवन और नजरिया पूरी तरह से बदल जाता है.

नए चेहरों को मिला बड़ा मौका

इस फिल्म में दस नए कलाकारों को पहली बार बड़े पर्दे पर लॉन्च किया जा रहा है. इन नवोदित कलाकारों में अरूष दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, सम्वित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली, आशीष पेंडसे, ऋषि शहानी, ऋषभ जैन, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर शामिल हैं. First Updated : Saturday, 10 May 2025