'वही अस्पताल, वही उम्र और वही दिन...'आशा भोसले और लता मंगेशकर के निधन का चौंकाने वाला संयोग
भारतीय संगीत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का आज 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. इनको और इनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर के निधन को लेकर संयोग देखने को मिला है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है.

Asha Bhosle Death: भारतीय संगीत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का 12 अप्रैल 2026 को निधन हो गया. 92 वर्ष की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके बेटे आनंद भोसले, महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार और अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने इस दुखद खबर की पुष्टि की.
आशा भोसले की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी. उन्हें मल्टी ऑर्गन फेलियर की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई. फिल्मी हस्तियां और आम लोग उन्हें याद कर भावुक हो रहे हैं.
बहन लता मंगेशकर से अनोखा संयोग
आशा भोसले और उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर दोनों ही भारतीय संगीत की महान आवाजें थीं. लता जी को भारत की कोकिला कहा जाता था, जबकि आशा जी को प्यार भरी आवाज का पर्याय माना जाता था. दोनों ने बॉलीवुड को हजारों यादगार गाने दिए, लेकिन उनके निधन में एक हैरान करने वाला संयोग है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं.
लता मंगेशकर का निधन 6 फरवरी 2022 को रविवार के दिन 92 वर्ष की उम्र में ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ था. ठीक 4 साल बाद आशा भोसले का निधन भी रविवार के दिन 92 वर्ष की उम्र में उसी ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ. दोनों बहनों की उम्र, अस्पताल और दिन (रविवार) एक जैसे रहे. यह संयोग संगीत प्रेमियों को और भी भावुक कर रहा है.
अंतिम संस्कार की तैयारी
आनंद भोसले ने बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अंतिम दर्शन होंगे. शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा. डॉक्टर प्रतीत समदानी ने कहा कि आशा जी मल्टी ऑर्गन फेलियर से जूझ रही थीं. सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि आज पूरे देश में शोक का माहौल है. एक युग का अंत हो गया है.
अमर गानों की मालकिन
आशा भोसले ने अपने करियर में आठ दशकों से ज्यादा समय तक संगीत जगत पर राज किया. उन्होंने लगभग 12 हजार से अधिक गाने गाए, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है. उनकी आवाज में जादू था जो हर उम्र के लोगों को छू जाता था.
‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दम मारो दम’, ‘ये मेरा दिल’, ‘चुरा लिया है तुमने’, ‘इन आंखों की मस्ती के’ और ‘दिल चीज क्या है’ जैसे गाने आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं. उन्होंने अलग-अलग भाषाओं और शैलियों में गाकर खुद को साबित किया. आशा भोसले और लता मंगेशकर की आवाजें भारतीय संगीत को हमेशा याद रखी जाएंगी.


