परिवार ने हड़पी संपत्ति, पत्नी ने भी छोड़ा साथ, फूट-फूटकर रोए बिग बॉस 17 फेम अनुराग डोभाल
बिग बॉस 17 फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ UK07 Rider का एक इमोशनल वीडियो सामने आया है, जिसमें वह फूट-फूटकर रोते नजर आ रहे हैं. वीडियो में उन्होंने अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि 'मेरी मौत के जिम्मेदार'.

नई दिल्ली: 'बिग बॉस 17' से सुर्खियों में आए मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ UK07 Rider ने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल पर एक लंबा वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह बेहद भावुक और टूटे हुए नजर आए. इस वीडियो में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी में चल रही उथल-पुथल के बारे में खुलकर बात की और परिवार पर गंभीर आरोप लगाए.
दो घंटे से अधिक लंबे इस वीडियो में अनुराग डोभाल कई बार रोते हुए दिखाई देते हैं. उन्होंने कहा कि यह शायद उनका आखिरी वीडियो हो सकता है और इसके बाद वह गायब हो सकते हैं. वीडियो में उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति, पारिवारिक तनाव और वैवाहिक जीवन से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया.
अनुराग डोभाल का छलका दर्द
वीडियो में अनुराग डोभाल ने बताया कि कम उम्र से ही उनकी जिंदगी आसान नहीं रही. उन्होंने कहा कि जब वह सिर्फ 14 साल के थे, तब उन्हें ब्रेन ट्यूमर की बीमारी का सामना करना पड़ा था. उस कठिन दौर में भी उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और अपने करियर को बनाने के लिए लगातार मेहनत करते रहे.
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने हमेशा अपने माता-पिता की जरूरतों को अपनी जरूरतों से पहले रखा, लेकिन इसके बावजूद उन्हें परिवार की तरफ से टॉर्चर झेलना पड़ा. अनुराग ने कहा कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली दुनिया पूरी तरह सच्चाई नहीं होती.
माता-पिता पर लगाए गंभीर आरोप
अनुराग डोभाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके माता-पिता को सपोर्टिव दिखाया जाता है, लेकिन हकीकत अलग है. उनका आरोप है कि परिवार ने उन्हें कभी पूरी तरह से समर्थन नहीं दिया. उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता उनकी इंटरकास्ट मैरिज के भी खिलाफ थे.
इंटरकास्ट मैरिज को लेकर परिवार से विवाद
अनुराग ने बताया कि उनकी पत्नी रितिका पहले उनकी फैन थीं और करीब दो-तीन साल से उन्हें मैसेज करती थीं. बाद में उन्होंने जवाब देना शुरू किया और धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, जिसके बाद उन्होंने डेटिंग शुरू की.
अनुराग के मुताबिक, काफी समझाने के बाद उन्होंने अपने माता-पिता को शादी के लिए मनाया था. हालांकि शादी के समय भी स्थिति सामान्य नहीं रही. उनका कहना है कि शादी से ठीक पांच दिन पहले उनके माता-पिता ने समारोह में आने से इनकार कर दिया था और बाद में कहा कि अगर वे आएंगे भी तो खुश नजर नहीं आएंगे.
डिप्रेशन से जूझ रहे अनुराग
वीडियो में अनुराग डोभाल ने अपनी मानसिक स्थिति के बारे में भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि शादी की सारी तैयारियां उन्होंने खुद की थीं और उस समय उनके माता-पिता उनके साथ नहीं थे.
उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "मेरी मौत के जिम्मेदार मम्मी, पापा, कलम (भाई) और श्रेया होंगे. मेरे पास कुछ भी करने को नहीं बचा है. मैं बहुत ज्यादा डिप्रेशन में हूं. मुझे समझ नहीं आ रहा है कैसे ये फीलिंग दूर करूं. इस वीडियो के बाद शायद मैं गायब हो जाऊंगा. मैं बस सोना चाहता हूं. 5 दिन से कुछ खाया नहीं है, दिमाग एकदम खत्म हो गया है."
पत्नी से अलग होने का भी किया जिक्र
अनुराग डोभाल ने यह भी कहा कि उनके परिवार ने उनकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया है. साथ ही उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी भी दूसरों के कहने पर उन्हें छोड़कर चली गई हैं.
उन्होंने भावुक होकर कहा, "मेरे जाने के बाद, श्रेया, मम्मी, पापा बहुत सी चीजें कहेंगे और झूठ बोलेंगे, लेकिन मैं गलत नहीं था. रितिका, कई लोग तुम्हें इन्फ्लुएंस करेंगे और झूठ बोलेंगे, लेकिन मैंने हमेशा तुमसे प्यार किया और सब तुम्हारे लिए किया."
अनुराग ने आगे कहा, "काश तुम मुझ पर भरोसा करती. काश तुम किसी और पर भरोसा न करती. काश तुम मेरे साथ खड़ी होती. तुम्हें कई ऐसे लोगों ने मैनिपुलेट किया जो सच में किसी के प्रति लॉयल नहीं थे. मेरे जाने के बाद कम से कम मेरे और मेरे बच्चे के लिए स्टैंड तो लो और सच बोलो. मैं कभी भी आपको गलत साबित नहीं करना चाहता था, लेकिन मेरे जाने के बाद प्लीज खड़े हो जाओ और हमारी इज्जत के लिए लड़ो."
वीडियो में साझा किए ऑडियो और मैसेज
अनुराग डोभाल ने अपने यूट्यूब वीडियो में परिवार से जुड़े कुछ ऑडियो क्लिप और व्हाट्सऐप मैसेज भी शेयर किए हैं. वीडियो में उन्होंने यह भी बताया कि उनके भाई कलम ने उन्हें एक्सपोज करने की धमकी दी थी, जिसका जिक्र उन्होंने वीडियो में किया.


