राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, 6 नामों का ऐलान
कांग्रेस पार्टी ने राज्यसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए विभिन्न राज्यों से अपने छह उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है.

कांग्रेस पार्टी ने आगामी राज्यसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए विभिन्न राज्यों से अपने छह उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है. पार्टी की ओर से जारी सूची में तेलंगाना से दो जबकि छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु से एक-एक उम्मीदवार को मैदान में उतारा गया है.
तेलंगाना से उम्मीदवार कौन?
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंहवी और वेम नरेंद्र रेड्डी को उम्मीदवार बनाया गया है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम, हरियाणा से करमवीर सिंह बौध, हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा और तमिलनाडु से एम. क्रिस्टोफर तिलक को टिकट दिया गया है.
The Congress President Shri @kharge, has approved the proposal for the candidature of the following persons to contest the Rajya Sabha elections as Congress candidates from the states mentioned against their names: pic.twitter.com/5rjufZqpEX
— Congress (@INCIndia) March 5, 2026
बताया गया है कि इन सभी नामों को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे की मंजूरी मिलने के बाद अंतिम रूप दिया गया. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की. उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने संबंधित राज्यों में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए हैं.
तेलंगाना में राज्यसभा की दो सीटें जल्द होंगी खाली
तेलंगाना में राज्यसभा की दो सीटें जल्द ही खाली होने जा रही हैं. इन सीटों पर वर्तमान में भारतीय राष्ट्र समिति के अभिषेक सिंहवी और के.आर. सुरेश रेड्डी सदस्य हैं, जिनका कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है. ऐसे में इन सीटों के लिए चुनाव कराए जाएंगे. मौजूदा समय में तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है और विधानसभा में पार्टी के पास पर्याप्त संख्या बल है. इसी वजह से माना जा रहा है कि अभिषेक मनु सिंहवी के लिए राज्यसभा में दोबारा पहुंचने की संभावना काफी मजबूत है.
उम्मीदवार घोषित होने के बाद वेम नरेंद्र रेड्डी ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार जताया. तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के करीबी माने जाने वाले वेम नरेंद्र रेड्डी ने सोशल मीडिया पर धन्यवाद संदेश साझा करते हुए पार्टी के शीर्ष नेताओं का आभार व्यक्त किया. उन्होंने सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सहित कई वरिष्ठ नेताओं का नाम लेकर उनका धन्यवाद किया.
కాంగ్రెస్ పార్టీ రాజ్యసభ అభ్యర్థిగా నన్ను ప్రకటించిన గౌరవనీయులు సోనియాగాంధీ గారికి,కాంగ్రెస్ పార్టీ జాతీయ అధ్యక్షులు శ్రీ మల్లికార్జున ఖర్గే గారికి,లోక్ సభలో ప్రతిపక్ష నాయకులు శ్రీ రాహుల్ గాంధీ గారికి, ఏఐసీసీ సెక్రటరీ కేసీ వేణుగోపాల్ గారికి,ఎంపీ ప్రియాంక గాంధీ గారికి,ముఖ్యమంత్రి… pic.twitter.com/HN6B6CZ18d
— Vem Narender Reddy (@Vemnarenderredy) March 4, 2026
दरअसल, निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 37 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की तारीख 16 मार्च तय की है. ये चुनाव देश के 10 राज्यों में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार शामिल हैं.
महाराष्ट्र में सबसे अधिक सात सीटें हो रहीं खाली
इन चुनावों की जरूरत इसलिए पड़ी है क्योंकि इन राज्यों से राज्यसभा के कई मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल इस साल समाप्त हो रहा है. सीटों के लिहाज से महाराष्ट्र में सबसे अधिक सात सीटें खाली हो रही हैं. इसके अलावा तमिलनाडु में छह, पश्चिम बंगाल और बिहार में छह-छह सीटों पर चुनाव होंगे. ओडिशा में चार सीटें खाली होंगी, जबकि असम में तीन सीटों पर मतदान कराया जाएगा. वहीं छत्तीसगढ़, हरियाणा और तेलंगाना में दो-दो सीटों पर चुनाव होंगे, जबकि हिमाचल प्रदेश में एक सीट के लिए मतदान होगा.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन चुनावों में कांग्रेस को खास तौर पर तेलंगाना, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है, जहां पार्टी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश में है.


