दूसरे वीकेंड में भी नहीं रुकी ‘धुरंधर 2’... 11 दिन में ही 1300 करोड़ पार, क्या 2000 करोड़ क्लब में होगी शामिल?

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ ने दूसरे वीकेंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1300 करोड़ से ज्यादा की वैश्विक कमाई कर ली है. फिल्म लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है और जल्द ही 2000 करोड़ क्लब में शामिल होने की ओर बढ़ रही है.

Shraddha Mishra

‘धुरंधर: द रिवेंज’ रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है और हर दिन नए रिकॉर्ड अपने नाम कर रही है. पहले हफ्ते में ही 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद अब दूसरे वीकेंड में भी फिल्म ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है, जिससे साफ है कि दर्शकों का क्रेज अभी कम होने वाला नहीं है.

आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर ने दूसरे वीकेंड में भी शानदार प्रदर्शन किया. फिल्म ने वीकडेज में हल्की गिरावट के बाद फिर से जोरदार वापसी की. दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने करीब 41.75 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि शनिवार को यह आंकड़ा बढ़कर 62.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.

रविवार को फिल्म ने एक नया इतिहास रचते हुए करीब 68 करोड़ रुपये की कमाई की, जो किसी भी भारतीय फिल्म के लिए दूसरा सबसे बड़ा रविवार कलेक्शन माना जा रहा है. इस तरह सिर्फ 11 दिनों में फिल्म का घरेलू कलेक्शन लगभग 847 करोड़ रुपये (ग्रॉस 1012 करोड़ रुपये) तक पहुंच गया है.

विदेशों में भी छाया ‘धुरंधर 2’ का जादू

सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी इस फिल्म का प्रदर्शन जबरदस्त रहा है. पहले वीकेंड में ही फिल्म ने इंटरनेशनल मार्केट में 7 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई कर ली थी. हालांकि हफ्ते के बीच में कमाई थोड़ी धीमी पड़ी, लेकिन दूसरे वीकेंड में फिल्म ने फिर से रफ्तार पकड़ ली. रविवार को करीब 3 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ इसका कुल विदेशी कलेक्शन लगभग 38 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया. खास बात यह है कि यह फिल्म अब उत्तरी अमेरिका में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है.

‘धुरंधर 1’ को भी छोड़ा पीछे

‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने अपनी पिछली फिल्म ‘धुरंधर’ के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है. जहां पहली फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1307 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं सीक्वल अब 1365 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है. अब यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों की लिस्ट में तेजी से ऊपर बढ़ रही है और सिर्फ ‘दंगल’, ‘बाहुबली 2’ और ‘पुष्पा 2’ जैसी फिल्मों से पीछे है.

फिल्म की स्टार कास्ट और कहानी

इस फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं, जिनके साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार भी अहम किरदार निभा रहे हैं. 19 मार्च को रिलीज हुई यह फिल्म एक दमदार स्पाई थ्रिलर है, जिसमें एक्शन और इमोशन का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलता है.

फिल्म की रफ्तार को देखते हुए यह साफ है कि ‘धुरंधर 2’ आने वाले दिनों में और बड़े रिकॉर्ड बना सकती है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर यही ट्रेंड जारी रहा, तो यह फिल्म जल्द ही 2000 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है और भारतीय सिनेमा के इतिहास में नया अध्याय लिख सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो