‘तैयारियां शुरू हो गईं…’, क्या शादी करने जा रही हैं तान्या मित्तल? पोस्ट ने सोशल मीडिया पर बढ़ाई हलचल
बिग बॉस 19 की कंटेस्टेंट तान्या मित्तल ने इंस्टाग्राम पर ब्राइडल लहंगे ट्राई करते हुए वीडियो शेयर किए, जिससे शादी की अटकलें तेज हो गईं. हालांकि उन्होंने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, जिससे फैंस के बीच सस्पेंस बना हुआ है.

बिग बॉस 19 की मशहूर कंटेस्टेंट तान्या मित्तल आए दिन सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं. इस बार वो किसी विवाद या बयान के लिए नहीं, बल्कि अपने एक लुक को लेकर चर्चा में आई हैं. तान्या ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर कुछ वीडियो साझा किए, जिनमें वह दुल्हन के लहंगे ट्राई करती नजर आ रही हैं. इन वीडियो के सामने आते ही फैंस के बीच सवाल उठने लगे- क्या तान्या शादी करने जा रही हैं?
वीडियो में तान्या अलग-अलग डिजाइन के खूबसूरत लहंगे पहनकर कैमरे के सामने पोज देती दिखीं. उनके पहले वीडियो के कैप्शन ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा, जिसमें उन्होंने लिखा, “और तैयारियां शुरू हो गईं…”. बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर शादी की चर्चाएं तेज हो गईं. कई यूजर्स ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि शायद तान्या अपनी शादी की तैयारियों में जुट गई हैं. हालांकि, तान्या ने इन अटकलों पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. उन्होंने यह भी साफ नहीं किया कि ये वीडियो किसी खास मौके के लिए हैं या सिर्फ एक फोटोशूट का हिस्सा.
फैंस के अलग-अलग कयास
जहां कुछ लोग उनकी शादी को लेकर उत्साहित नजर आए, वहीं कई यूजर्स ने इसे किसी नए प्रोजेक्ट से जोड़कर देखा. एक यूजर ने लिखा कि हो सकता है वह अपने किसी नए प्रोजेक्ट का संकेत दे रही हों. वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद वह लहंगों का नया बिजनेस शुरू करने वाली हैं.
बाद में साझा किए गए एक और वीडियो में तान्या नीले रंग के लहंगे में दिखाई दीं. इस दौरान वह वहां मौजूद कर्मचारियों से बातचीत करती नजर आईं. वीडियो में उन्हें यह कहते सुना गया कि “तुम लोगों को ऐसा तो नहीं लग रहा, बिग बॉस फिर से शुरू हो गया है.” इस बयान ने फैंस को और ज्यादा कन्फ्यूज कर दिया.
बिग बॉस 19 से मिली पहचान
तान्या मित्तल को खास पहचान बिग बॉस 19 से मिली. वह इस शो में तीसरे रनर-अप रहीं और अपने आत्मविश्वास भरे अंदाज के कारण चर्चा में रहीं. शो को बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने होस्ट किया था. अपने पूरे सफर में तान्या ने अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और बड़े दावों से दर्शकों का ध्यान खींचा. हालांकि इस सीजन के विजेता टीवी अभिनेता गौरव खन्ना बने, जिन्हें दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला.
अभी भी बना है सस्पेंस
फिलहाल तान्या की शादी को लेकर स्थिति साफ नहीं है. उनके पोस्ट्स ने जरूर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है, लेकिन जब तक वह खुद कोई घोषणा नहीं करतीं, तब तक यह सिर्फ अटकलें ही मानी जाएंगी. इतना जरूर है कि तान्या मित्तल ने एक बार फिर अपने अंदाज से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि यह ब्राइडल लुक सच में शादी की तैयारी है या किसी नए सरप्राइज की शुरुआत.


