दुल्हन के पालतू कुत्ते को लेकर बारात में बवाल, फतेहपुर में हिंसक झड़प के बाद शादी रद्द

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की खागा तहसील में एक शादी समारोह उस समय बवाल में बदल गया, जब दुल्हन के पालतू कुत्ते के भौंकने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया. कहासुनी इतनी बढ़ी कि मारपीट शुरू हो गई, पांच लोग घायल हुए और आखिरकार शादी रद्द करनी पड़ी.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की खागा तहसील में एक शादी समारोह उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब दुल्हन के पालतू कुत्ते के भौंकने को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद खड़ा हो गया. मामूली कहासुनी इतनी बढ़ी कि देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई, जिसमें कम से कम पांच लोग घायल हो गए और अंततः शादी रद्द करनी पड़ी.

गुरुवार को 25 वर्षीय जौहरी सुमित केसरवानी की शादी 19 वर्षीय तनु केसरवानी से होनी थी. परिवार और रिश्तेदार खुशी के माहौल में शादी की रस्में निभा रहे थे. इसी दौरान एक ऐसी घटना घटी, जिसने पूरे समारोह को तनाव और अफरा-तफरी में बदल दिया. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों परिवारों के बीच रिश्ते की डोर भी टूट गई.

कुत्ते के भौंकने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, समारोह स्थल से कुछ दूरी पर दुल्हन का पालतू कुत्ता बंधा हुआ था. वह लगातार भौंक रहा था, जिससे दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई. उन्होंने कथित तौर पर कुत्ते को शांत कराने की कोशिश की. इसी बीच एक व्यक्ति पर कुत्ते को मारने का आरोप लगा, जिसके बाद माहौल गरमा गया. दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई.

कुर्सियां और लाठियां चलीं, कई घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झड़प के दौरान कुर्सियों और लाठियों का इस्तेमाल किया गया. दुल्हन पक्ष के तीन सदस्य-ऋषभ केसरवानी, शुभम गुप्ता और संगीता देवी के सिर में चोटें आईं. एक अन्य व्यक्ति का हाथ टूट गया. दूल्हे पक्ष के कुछ लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं. अचानक भड़की हिंसा से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए. इस पुरे मामले में 5 लोग घायल हो गए है.

स्थिति बेकाबू होने पर शादी समारोह को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया. दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है.

पुलिस ने कही यह बात

मामले को लेकर एसएचओ खागा आरके पटेल ने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag