'सही समय पर करारा जवाब देंगे...', 19 नागरिकों की मौत से बौखलाया तालिबान, पाक को दिया कड़ा अल्टीमेटम
अफगान तालिबान ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि कार्रवाई अब दूर नहीं, तालिबान का आरोप है कि पाकिस्तानी हवाई हमलों ने अफगानिस्तान की संप्रभुता को ठेस पहुंचाई और निर्दोष नागरिकों की जान ली.

अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने पाकिस्तान के हालिया हवाई हमलों का गहन आकलन शुरू कर दिया है और जवाबी कार्रवाई की सख्त चेतावनी जारी की है. इस घटना से अफगान-पाक सीमा पर तनाव एक बार फिर चरम स्तर पर पहुंच गया है. जहां दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया. तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने बयान जारी कर पाकिस्तान पर अफगान संप्रभुता का उल्लंघन करने और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने का गंभीर आरोप लगाया है. हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित दर्जनों लोग मारे गए तथा घायल हुए, जिसमें एक ही परिवार के 19 सदस्यों की मौत की खबरें सामने आई हैं.
जबीउल्लाह मुजाहिद का बयान
पाक सेना ने एक बार फिर अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन करते हुए उसकी सीमा में घुसपैठ की है. कल रात उन्होंने नांगरहार और पक्तिका प्रांतों में हमारे नागरिकों पर बमबारी की, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित दर्जनों लोग मारे गए और घायल हुए. पाकिस्तानी जनरल ऐसे अपराधों के माध्यम से अपने देश की सुरक्षा कमजोरियों की भरपाई करते हैं.
जवाबी कार्रवाई का संकेत
अफगान तालिबान के करीबी सूत्रों ने बताया कि अधिकारी हमलों से हुए नुकसान की गहराई से जांच कर रहे हैं. हालांकि अभी कोई तत्काल सैन्य प्रतिक्रिया की घोषणा नहीं हुई, लेकिन नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जवाबी विकल्प खुला हुआ है. सूत्रों ने तालिबान के हवाले से कहा कि पाकिस्तान ने अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है और अफगानिस्तान को जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है. हम सही समय पर जवाबी हमला करेंगे.
काबुल-कंधार में आपात मीटिंग
पक्तिका और नांगरहार प्रांतों में पाकिस्तानी हवाई हमलों के बाद तालिबान के वरिष्ठ नेताओं ने स्थिति की समीक्षा और आगे की रणनीति तय करने के लिए काबुल तथा कंधार में आपातकालीन बैठकें बुलाई हैं. सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी हमलों पर अभी कुछ भी निश्चित रूप से कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन काबुल निश्चित रूप से जवाबी कार्रवाई करेगा. इससे लगता है कि आंतरिक विचार-विमर्श के बाद औपचारिक प्रतिक्रिया सामने आएगी.
पाकिस्तान का दावा
पाकिस्तान ने इन हमलों को आतंकवादी ढांचों के खिलाफ सटीक कार्रवाई बताया है. पाकिस्तानी सेना के अनुसार अफगानिस्तान के पक्तिका, पक्तिया, नंगरहार और खोस्त प्रांतों में स्थित आतंकवादी शिविरों को नष्ट किया गया. रविवार को डूरंड लाइन के निकट कई ठिकानों पर हवाई हमले किए गए, जिनका मकसद हालिया आत्मघाती हमलों के जिम्मेदार समूहों को खत्म करना था.


