मेरठ वालों के लिए खुशखबरी! PM मोदी आज करेंगे 'नमो भारत' सेमी हाई स्पीड ट्रेन का उद्घाटन

मेरठ वालों के लिए खुशखबरी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सेमी हाई स्पीड ट्रेन 'नमो भारत' (RAPIDX) का शुभारंभ करेंगे. यह ट्रेन दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक चलेगी और 82 किलोमीटर की दूरी महज 55-60 मिनट में तय करेगी.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: मेरठ वालों के लिए अब दिल्ली सचमुच करीब हो गई है. राष्ट्रीय राजधानी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सेमी हाई स्पीड ट्रेन ‘नमो भारत’ (RAPIDX) का शुभारंभ करेंगे. यह ट्रेन दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक चलेगी और 82 किलोमीटर की दूरी महज 55-60 मिनट में तय करेगी.

दिल्ली के भीतर कुछ इलाकों से गुरुग्राम या नोएडा पहुंचने में जितना समय लगता है, उससे कम समय में अब यात्री मेरठ पहुंच सकेंगे. इस परियोजना के शुरू होने से न केवल सफर आसान होगा, बल्कि दिल्ली-एनसीआर और मेरठ के बीच आर्थिक और सामाजिक संपर्क भी और मजबूत होगा.

आज से शुरू होगी सेमी हाई स्पीड सेवा

22 फरवरी से शुरू हो रही नमो भारत ट्रेन दिल्ली के सराय काले खां स्टेशन से मेरठ (मोदीपुरम) तक संचालित होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे. 82 किलोमीटर लंबे इस रूट पर ट्रेन की यात्रा अवधि 55 से 60 मिनट के बीच रहेगी, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

किन-किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

यह सेमी हाई-स्पीड ट्रेन दिल्ली के सराय काले खां, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार से होते हुए उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मेरठ साउथ और मोदीपुरम तक पहुंचेगी.

मेरठ शहर के भीतर यह ट्रेन मेरठ दक्षिण, परतापुर, रिठानी, शताब्दीनगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगम पुल, एमईएस कॉलोनी, दौरली, मेरठ उत्तर, मोदीपुरम और अंत में मोदीपुरम डिपो तक संचालित होगी.

तकनीकी विशेषताएं और रफ्तार

नमो भारत ट्रेन की अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा है. इसे ऑल वेदर ट्रेन के रूप में तैयार किया गया है, जिससे हर मौसम में सुरक्षित, तेज और आरामदायक सफर सुनिश्चित किया जा सके.

इस ट्रेन सेवा की सवारी हाल ही में 1.25 करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार कर चुकी है. यह कॉरिडोर 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ क्षेत्रीय कॉरिडोर का हिस्सा है, जो मेरठ को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और अन्य एनसीआर क्षेत्रों से सीधे जोड़ता है.

दिल्ली का उभरता मल्टी-मॉडल हब

दिल्ली का सराय काले खां स्टेशन एक मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां मेट्रो, बस और रेलवे की एकीकृत कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी. नमो भारत कॉरिडोर में यह स्टेशन सबसे बड़े और प्रमुख स्टेशनों में शामिल है.

यहां बस अड्डे को भी इस तरह विकसित किया जा रहा है कि यात्री अंतरराज्यीय सफर आसानी से कर सकें. पूरी व्यवस्था यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार की गई है, जिससे दिल्ली और मेरठ के बीच की दूरी व्यवहारिक रूप से और भी कम हो जाएगी.

स्टेशन की आधुनिक सुविधाएं

सराय काले खां नमो मेट्रो स्टेशन में 6 प्लेटफॉर्म और 4 ट्रैक बनाए गए हैं. स्टेशन पर 5 एंट्री-एग्जिट गेट, 14 लिफ्ट, 18 एस्केलेटर, सीसीटीवी कैमरे और 6 ट्रैवलेटर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए हैं.

यह आरआरटीएस स्टेशन 215 मीटर लंबा, 50 मीटर चौड़ा और 15 मीटर ऊंचा है. इसे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण स्टेशन माना जा रहा है. भविष्य में यह स्टेशन दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-एसएनबी-अलवर कॉरिडोर से भी जुड़ेगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag