दिल्ली में डबल मर्डर से सनसनी... बेड बॉक्स में मिले मां-बेटी के शव, संदिग्ध की तलाश में जुटी पुलिस
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार में 35 वर्षीय महिला और उसकी छह साल की बेटी के शव बेड बॉक्स में छिपे मिले. पोस्टमार्टम में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर संदिग्ध पड़ोसी की तलाश शुरू कर दी है.

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. एक घर के अंदर 35 वर्षीय महिला और उसकी छह साल की मासूम बेटी के शव मिलने से हड़कंप मच गया. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दोनों के शव बेड के अंदर बने स्टोरेज बॉक्स में छिपाकर रखे गए थे. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और एक पड़ोसी को मुख्य संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पुलिस को सरिता विहार के आली विहार इलाके से फोन आया कि एक घर में दो शव पड़े हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पुलिस को महिला और बच्ची के शव बेड के अंदर सामान रखने वाले बॉक्स में मिले. घर का सामान बिखरा हुआ था, लेकिन कोई भी कीमती चीज गायब नहीं थी, जिससे लूटपाट की आशंका कम लग रही है.
गला घोटकर हुई हत्या
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय ज्योति और उनकी छह साल की बेटी के रूप में हुई है. शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें सामने आया कि दोनों की मौत गला घोंटने या दम घुटने से हुई है. इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है. पुलिस अब हर एंगल से जांच कर रही है ताकि हत्या की असली वजह सामने आ सके.
संदिग्ध पड़ोसी की तलाश जारी
पुलिस ने उसी इमारत में रहने वाले 35 वर्षीय अकाउंटेंट दीन दयाल को मुख्य संदिग्ध माना है. बताया जा रहा है कि वह परिवार का भतीजा है और घटना के बाद से ही फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. पड़ोसियों के अनुसार, महिला अपने पति और तीन बच्चों के साथ इस मकान में रहती थी.
घटना के समय दो बच्चे स्कूल गए हुए थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए. जब पति रात करीब 9 से 9:30 बजे घर लौटा, तो दरवाजा अंदर से बंद था और दो बच्चे बाहर बैठे थे. शक होने पर दरवाजा तोड़ा गया. अंदर प्रवेश करने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला, लेकिन कोई भी वस्तु चोरी नहीं हुई थी. काफी तलाश के बाद मां और छोटी बेटी के शव बेड बॉक्स में मिले.
हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और लोग जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.


