क्या भारत-दक्षिण अफ्रीका के सुपर-8 मुकाबले में होगी बारिश? जानिए मौसम अपडेट
पाकिस्तान-न्यूजीलैंड मैच के रद्द होने के बाद फैंस के मन में यह सवाल उठने लगा है कि क्या भारत-दक्षिण अफ्रीका मुकाबले पर भी मौसम का असर पड़ेगा या नहीं. मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अहमदाबाद में मैच के दिन बारिश की संभावना बेहद कम है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण की शुरुआत बारिश से प्रभावित रही. 21 फरवरी को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाने वाला मुकाबला तेज बारिश के कारण रद्द करना पड़ा. यह मैच आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में होना था. इसके बाद अब क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले अगले बड़े मुकाबले पर है.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा मैच
सुपर-8 चरण में भारत अपना पहला मैच 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी. यह मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में आयोजित होगा. पाकिस्तान-न्यूजीलैंड मैच के रद्द होने के बाद फैंस के मन में यह सवाल उठने लगा है कि क्या भारत-दक्षिण अफ्रीका मुकाबले पर भी मौसम का असर पड़ेगा या नहीं.
बारिश की संभावना बेहद कम
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अहमदाबाद में मैच के दिन बारिश की संभावना बेहद कम है. आसमान साफ रहने का अनुमान है, जिससे दर्शकों को बिना किसी व्यवधान के पूरा मैच देखने को मिल सकता है. शाम के समय तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जो खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए अनुकूल माना जाता है.
हालांकि, रात के समय ओस का असर देखने को मिल सकता है. इस मैदान पर खेले गए पिछले मुकाबलों में दूसरी पारी के दौरान ओस की वजह से गेंदबाजों को कठिनाई का सामना करना पड़ा है और बल्लेबाजों को फायदा मिला है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का विकल्प चुन सकती है, ताकि बाद में बल्लेबाजी करते हुए ओस का लाभ उठाया जा सके.
क्या कहते हैं आंकड़ें?
अगर दोनों टीमों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा भारी रहा है. अब तक दोनों टीमों के बीच 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 21 मुकाबले जीते हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका को 13 मैचों में सफलता मिली है. एक मुकाबला बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ था.
यह मुकाबला सुपर-8 चरण में दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां जीत से सेमीफाइनल की राह आसान हो सकती है. भारतीय टीम कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में शानदार फॉर्म में है, वहीं दक्षिण अफ्रीका भी संतुलित टीम के साथ कड़ी चुनौती देने के लिए तैयार है. अब सभी की नजरें इस रोमांचक मुकाबले पर टिकी हैं.


