बॉलीवुड के लोकप्रिय और प्रशंसकों के बीच सबसे पसंदीदा कपल कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा अपनी नन्ही बेटी के साथ इन दिनों खास पल बिता रहे हैं. 15 जुलाई 2025 को दोनों माता-पिता बने थे और तभी से फैंस उत्सुक थे कि आखिर इस प्यारी परी का नाम क्या रखा जाएगा.
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 28 नवंबर को कपल ने अपनी बच्ची की पहली झलक साझा करते हुए उसके नाम का भी ऐलान कर दिया. कियारा और सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया पर एक मनमोहक तस्वीर पोस्ट की जिसमें उनकी बेटी के सिर्फ छोटे-छोटे पैर दिखाई दे रहे हैं. बच्ची ने गुलाबी और सफेद ऊनी मोजे पहन रखे हैं, जो तस्वीर को और भी प्यारा बना रहे हैं.
पोस्ट के साथ कपल ने लिखा, हमारी प्रार्थनाओं से हमारी बाहों तक… दिव्य आशीर्वाद, हमारी राजकुमारी...Saraayah Malhotra. यानी दोनों ने अपनी बेटी का नाम ‘सरायाह मल्होत्रा’ रखा है.
नाम सामने आते ही फैन्स इस अनोखे और खूबसूरत चयन की खूब तारीफ़ कर रहे हैं. माना जा रहा है कि ‘Saraayah’ नाम हिब्रू भाषा से लिया गया है और इसका अर्थ है ‘शुद्ध’, ‘पवित्र’ और ‘राजकुमारी.’ यह नाम जितना अर्थपूर्ण है, उतना ही रॉयल भी लगता है. दिलचस्प बात यह है कि कियारा और सिद्धार्थ ने अपने नामों के अक्षर मिलाकर भी इस नाम को खास बनाने की कोशिश की है, जिससे यह और भी व्यक्तिगत और भावनात्मक हो गया है.
जैसे ही कपल ने यह खुशखबरी साझा की, सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई. आलिया भट्ट, वरुण धवन, करण जौहर, अनन्या पांडे, रश्मिका मंदाना सहित कई सितारों ने कमेंट कर प्यार और शुभकामनाएं भेजीं. शादी के बाद से ही सिद्धार्थ और कियारा ने अपनी निजी जिंदगी को काफी निजी रखा है. प्रेग्नेंसी के दौरान भी कियारा ने कभी खुलकर बेबी बंप नहीं दिखाया और पूरी अवधि में खबर को गोपनीय रखा. फिलहाल दोनों माता-पिता बनने के इस नए सफर को पूरी तरह एंजॉय कर रहे हैं.
गौरतलब है कि फरवरी 2025 में दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक प्यारी तस्वीर साझा कर अपनी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया था. उस पोस्ट में कपल ने बेबी के छोटे-से मोजे पकड़े थे और कैप्शन लिखा था कि, हमारे जीवन का सबसे बड़ा तोहफा जल्द आने वाला है. First Updated : Friday, 28 November 2025