मस्तिष्क रक्तस्राव के चलते सलीम खान अस्पताल में भर्ती, सर्जरी की आवश्यकता नहीं: लीलावती के डॉक्टर
सलमान खान के पिता सलीम खान को स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनके मस्तिष्क में हल्का रक्तस्राव पाया गया था.

मशहूर पटकथा लेखक और अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान को स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनके मस्तिष्क में हल्का रक्तस्राव पाया गया था, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत आवश्यक जांच और इलाज शुरू किया. वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जलील पारकर ने बताया कि इस स्थिति के इलाज के लिए ‘डीएसए’ (डिजिटल सब्ट्रैक्शन एंजियोग्राफी) नाम की एक नियमित और सुरक्षित प्रक्रिया की गई, जो सफल रही.
उन्होंने कहा कि अच्छी बात यह है कि उन्हें किसी प्रकार की सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी. डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल सलीम खान को एहतियातन वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है, ताकि उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके. डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है और उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया जाएगा.
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उन्हें 17 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे उनके पारिवारिक चिकित्सक द्वारा अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में लाया गया था. प्रारंभिक जांच और उपचार के बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है.
इलाज के दौरान न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन समेत कई विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी देखभाल में शामिल रहे. डॉक्टरों ने बताया कि उनकी स्थिति नियंत्रण में है और फिलहाल किसी गंभीर खतरे की आशंका नहीं है. हालांकि, उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है और अस्पताल प्रशासन ने मरीज की गोपनीयता बनाए रखने की बात भी कही है.
सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य और करीबी लोग उनसे मिलने पहुंचे. उनके बेटे सलमान खान के अलावा अरबाज खान, हेलेन, सलमा खान, अर्पिता खान शर्मा, आयुष शर्मा और अन्य परिवारजन लगातार अस्पताल आकर उनका हालचाल ले रहे हैं. इसके अलावा, परिवार के करीबी मित्र जावेद अख्तर और संजय दत्त भी अस्पताल पहुंचे और सलीम खान से मुलाकात की.
डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल चिंता की कोई बड़ी बात नहीं है और इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है. परिवार और प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.


