मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल ने इस महीने की शुरुआत में अपने साथी अभिनेता ममूटी के लिए सबरीमाला में पूजा की थी. मोहनलाल को नहीं पता था कि ममूटी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए की गई यह पूजा विवाद की वजह बन जाएगी. कई इस्लामिक कट्टरपंथी इस पूजा को इस्लाम के खिलाफ मान रहे हैं. सोशल मीडिया पर ममूटी के खिलाफ कई पोस्ट सामने आए हैं.
धर्म आलोचकों ने कहा है कि ममूटी मुसलमान हैं और अगर यह पूजा उनके कहने पर की गई है तो उन्हें अपने समुदाय से माफी मांगनी चाहिए. सोशल मीडिया पर कई ऐसे पोस्ट हैं जिनमें यूजर दावा कर रहे हैं कि ममूटी मुसलमान हैं और हिंदू प्रार्थनाएं इस्लामी मान्यताओं का उल्लंघन करती हैं.
मोहनलाल ने विवाद बढ़ता देख इस पूरे मामले पर सफाई दी है. उन्होंने कहा है कि ममूटी ने उनसे ऐसा करने के लिए नहीं कहा, बल्कि उन्होंने स्वेच्छा से यह पूजा करवाई है. मलयालम अभिनेता ने चेन्नई में एक कार्यक्रम में इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ममूटी उनके भाई जैसे हैं. उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए मैंने यह प्रार्थना करवाई. यह पूरी तरह से व्यक्तिगत था.
बता दें कि मलयाली एक्टर मोहनलाल पिछले हफ्ते सबरीमाला मंदिर गए थे. वहां उषा पूजा के दौरान उन्होंने पुजारी को एक नोट दिया, जिसमें ममूटी का जन्म नाम मुहम्मद कुट्टी और उनका जन्म नक्षत्र 'विशाखम' लिखा था. सबरीमाला का प्रबंधन करने वाले देवस्वोम कार्यालय से इस संबंध में एक रसीद वायरल हुई. तभी यह मामला सुर्खियों में आया और कई प्रतिक्रियाएं सामने आईं. First Updated : Thursday, 27 March 2025