‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने को NHRC का नोटिस, अरमान मलिक ने भी दी प्रतिक्रिया

नोरा फतेही और संजय दत्त के गाने ‘सरके चुनर’ के बोलों पर विवाद बढ़ गया है. अरमान मलिक समेत कई लोगों ने इसे अश्लील बताया, जबकि एनएचआरसी ने भी नोटिस जारी कर जांच और कार्रवाई की मांग उठाई है.

Shraddha Mishra

इन दिनों एक नया डांस गाना रिलीज होते ही चर्चा के केंद्र में आ गया है, लेकिन वजह इसकी लोकप्रियता नहीं बल्कि उस पर उठ रहे सवाल हैं. गायक अरमान मलिक ने इस गाने के बोलों पर खुलकर नाराजगी जताई है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है. कई लोग उनके समर्थन में सामने आए हैं और गाने को लेकर अपनी चिंता जाहिर कर रहे हैं.

हाल ही में रिलीज हुआ गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ फिल्म केडी: द डेविल का हिस्सा है. इस गाने में नोरा फतेही  और संजय दत्त नजर आ रहे हैं. जहां कुछ लोगों ने नोरा के डांस की तारीफ की, वहीं बड़ी संख्या में दर्शकों ने इसके बोल और प्रस्तुति को लेकर आपत्ति जताई. लोगों का कहना है कि गाने के शब्द और डांस स्टाइल जरूरत से ज्यादा उत्तेजक हैं, जो आम दर्शकों के लिए सही नहीं हैं.

अरमान मलिक ने जताई नाराजगी

गाना सामने आने के बाद अरमान मलिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा कि जब उन्होंने यह गाना सुना, तो उन्हें दोबारा सुनना पड़ा क्योंकि उन्हें यकीन नहीं हुआ कि इसके बोल इतने नीचे स्तर के हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि व्यावसायिक गीत लेखन का स्तर इस हद तक गिरना निराशाजनक है. उनकी इस टिप्पणी के बाद कई यूजर्स ने भी सहमति जताई और गाने की आलोचना शुरू कर दी.

एनएचआरसी का नोटिस और कानूनी शिकायत

मामला बढ़ने के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने भी इस गाने को लेकर नोटिस जारी किया है. आयोग ने गाने में कथित तौर पर आपत्तिजनक और दोहरे अर्थ वाले शब्दों के इस्तेमाल पर चिंता जताई है. इसके साथ ही वकील और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने दिल्ली पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने मांग की है कि गाने से जुड़े लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और इस गाने को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाया जाए.

सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया

गाने के रिलीज होते ही इंटरनेट पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कई यूजर्स ने इसे अश्लील और अनुचित बताया. कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि ऐसे गाने मुख्यधारा में कैसे आ जाते हैं और क्या सेंसर सिस्टम सही तरीके से काम कर रहा है. वहीं, कुछ यूजर्स ने यह भी चिंता जताई कि इस तरह के गानों का युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ सकता है, क्योंकि ये आसानी से सोशल मीडिया पर फैल जाते हैं और लोग इन पर वीडियो बनाते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो