विवाद के बाद बदलीं नोरा फतेही! NCW से मांगी माफी, समाज सेवा के लिए उठाया बड़ा कदम
NCW ऑफिस से निकलते हुए नोरा ने मीडिया से बात की और मामले पर सफाई दी. उन्होंने कहा मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था. मैंने माफी मांग ली है और सब कुछ लिखकर दे दिया है.

New Delhi: महिला आयोग (NCW) गुरुवार को 'सरके चुनर' गाने से जुड़े मामले की सुनवाई की है. फिल्म अभिनेत्री नोरा फतेही आयोग के सामने पेश हुई. 27 अप्रैल को हुई सुनवाई के दौरान, फिल्म अभिनेता संजय दत्त आयोग के सामने पेश हुए थे. कथित तौर पर अश्लील इस गाने के बारे में सफाई देते हुए उन्होंने माफी भी मांगी थी.
उन्होंने एक हलफनामा भी जमा किया जिसमें उन्होंने 50 आदिवासी लड़कियों की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने का वादा किया. अपनी सफाई में उन्होंने कहा कि शूटिंग के समय यह गाना कन्नड़ भाषा में था और उन्हें बाद में हुई हिंदी डबिंग के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. नोरा फतेही उस सुनवाई में शामिल नहीं हो पाई थी.
नोरा फतेही ने मांगी माफी
एक्ट्रेस नोरा फतेही का मार्च 2026 में रिलीज हुआ गाना "सरके चुनर" ने बहुत बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था. गुरुवार को एक्ट्रेस इस मुद्दे पर बात करने के लिए नेशनल कमीशन फॉर विमेन (NCW) के सामने पेश हुई. उन्होंने मीडिया से बात की और अपनी बात साफ की.
मेरा इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था
NCW ऑफिस से निकलते हुए नोरा ने मीडिया से बात की और मामले पर सफाई दी. उन्होंने कहा यह बस एक ऐसी सिचुएशन थी जिसमें मुझे डाल दिया गया था और मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था. एक आर्टिस्ट के तौर पर मुझे अपनी जिम्मेदारी पूरी करनी है. मैंने माफी मांग ली है और सब कुछ लिखकर दे दिया है. नोरा ने कहा है कि समाज से मिलने वाले प्यार को लौटाना हमारी जिम्मेदारी है इसलिए मैंने कुछ अनाथ लड़कियों की पढ़ाई के लिए पैसे देने का फैसला किया है. इस मामले के बाद यही हमारा मकसद है.
नोरा 27 अप्रैल को पेश नहीं हो पाई
6 अप्रैल को हुई सुनवाई के दौरान नोरा फतेही के वकील उनकी तरफ से पेश हुए थे. अभिनेत्री को निर्देश दिया गया कि वे 27 अप्रैल को होने वाली सुनवाई के लिए खुद पेश हों. सुनवाई के दौरान आयोग की अध्यक्ष विजया के. राहटकर ने गाने के बोलों पर गंभीर आपत्ति जताई थी.
उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे गाने महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं और इस बात पर जोर दिया कि रचनात्मकता के नाम पर महिलाओं की गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता. यह विवादित गाना कन्नड़ फिल्म KD: The Devil का हिस्सा है, जिसे रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा. आयोग के सख्त रुख के बावजूद नोरा फतेही 27 अप्रैल को सुनवाई के लिए पेश नहीं हो पाई थी.


