'सैयारा' का बॉक्स ऑफिस पर जलवा,100 करोड़ का आंकड़ा किया पार
सैयारा ने अपने पहले वीकेंड में ही दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. इस फिल्म में अहान पांडे और अनीत पड्डा की शानदार जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया है.

Saiyaaraa Box Office Collection: मोहित सूरी के निर्देशन में बनी रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'सैयारा' बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है. फिल्म को रिलीज हुए सिर्फ तीन दिन हुए हैं और इसने ₹100 करोड़ की कमाई के साथ 2025 की सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की सूची में जगह बना ली है. पहली बार स्क्रीन पर नजर आ रहे अहान पांडे और अनीत पड्डा की यह डेब्यू फिल्म दर्शकों को बेहद पसंद आ रही है.
'सैयारा' की लोकप्रियता का आलम यह है कि भारत के सैकड़ों सिनेमाघरों में फिल्म के सभी शोज़ हाउसफुल चल रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी फिल्म को बेहतरीन प्रतिक्रिया मिली है, जिससे इसकी वर्ल्डवाइड कमाई ₹119 करोड़ के आंकड़े के करीब पहुंच गई है.
तीन दिन में ₹100 करोड़ क्लब में शामिल हुई 'सैयारा'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'सैयारा' ने पहले दो दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ₹48 करोड़ का कलेक्शन किया. रविवार को फिल्म ने ₹35 करोड़ और जोड़े, जिससे भारत में इसका कुल कलेक्शन ₹84 करोड़ के पार पहुंच गया. ओवरसीज़ मार्केट में फिल्म ने $2 मिलियन (करीब ₹17 करोड़) से अधिक की कमाई की, जिससे इसका वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस टोटल ₹101 करोड़ से अधिक हो गया. इस तरह 'सैयारा' ने सनी देओल की हालिया हिट 'जाट' के ₹118 करोड़ के लाइफटाइम कलेक्शन को महज़ तीन दिनों में पीछे छोड़ दिया.
सोमवार को भी मजबूत पकड़, आगे कई रिकॉर्ड्स पर नजर
फिल्म की सोमवार की शुरुआत भी उत्साहजनक रही. सैकनिल्क के अनुसार, दोपहर 2 बजे तक फिल्म ने ₹4.5 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था, जिससे साफ है कि फिल्म सोमवार की चुनौती को भी पार कर रही है. ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि यदि यही रफ्तार रही तो 'सैयारा' जल्द ही अक्षय कुमार की 'केसरी चैप्टर 2' (₹144 करोड़), 'स्काई फोर्स' (₹168 करोड़) और सलमान खान की 'सिकंदर' (₹176 करोड़) को भी पीछे छोड़ सकती है.
'सैयारा': डेब्यू फिल्म से सुपरहिट तक
अहान पांडे और अनीत पड्डा की यह पहली फिल्म है, और दोनों ही कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया है. मोहित सूरी ने 'सैयारा' के जरिए एक बार फिर रोमांटिक सिनेमा में वापसी की है और यह वापसी पूरी तरह सफल साबित हुई है. फिल्म को Yash Raj Films ने प्रोड्यूस किया है ओपनिंग डे से ही फिल्म छाया हुआ है.


