ईद 2027 पर सलमान खान का बड़ा धमाका: नई फिल्म का ऐलान, साउथ डायरेक्टर और नयनतारा संग आएंगे नजर

सलमान खान ने ईद 2027 के लिए अपनी नई फिल्म का ऐलान कर दिया है. साउथ डायरेक्टर और नयनतारा के साथ उनका यह प्रोजेक्ट फैंस के लिए बड़ा सरप्राइज बन गया है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान ने एक बार फिर ईद के मौके को अपने नाम कर लिया है. उन्होंने आधिकारिक तौर पर अपनी अगली फिल्म की घोषणा करते हुए ईद 2027 को लॉक कर दिया है. इस ऐलान के साथ ही फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और बॉक्स ऑफिस पर एक और बड़े धमाके की उम्मीदें बढ़ गई हैं.

सलमान खान की यह घोषणा उस परंपरा को आगे बढ़ाती है, जिसने पिछले कई सालों से ईद को बॉलीवुड के सबसे बड़े रिलीज सीजन में बदल दिया है. उनकी नई फिल्म फिलहाल 'SVC63' नाम से जानी जा रही है, जिसका निर्देशन साउथ के चर्चित डायरेक्टर वंशी पैदीपल्ली कर रहे हैं और इसमें नयनतारा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी. फिल्म का निर्माण दिल राजू कर रहे हैं.

सलमान खान ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान

सलमान खान ने अपनी इस नई फिल्म की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की. उन्होंने अपने खास अंदाज में लिखा, "थोड़ा दूर की सोचना चाहिए, इसीलिए ईद का ऐलान कर दिया... फिक्र मत करो, इस वाली का भी बताएंगे, जब सही वक्त आएगा... पेशेंस, थोड़ा सा सब्र... मेरे जितना ही इंतजार करना पड़ेगा, बहरहाल जो आपका हाल है वही मेरा भी हाल है... हाहा."

उनके इस पोस्ट ने फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी है.

साउथ-बॉलीवुड का बड़ा कॉम्बिनेशन

इस फिल्म में सलमान खान पहली बार निर्देशक वंशी पैदीपल्ली के साथ काम कर रहे हैं. वहीं साउथ की सुपरस्टार नयनतारा के साथ उनकी जोड़ी भी पहली बार बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी.

इस तरह यह प्रोजेक्ट साउथ और बॉलीवुड के बड़े नामों का एक मजबूत कॉम्बिनेशन बनकर सामने आ रहा है.

बॉक्स ऑफिस पर सलमान का दबदबा

सलमान खान का रिकॉर्ड बॉक्स ऑफिस पर बेहद मजबूत रहा है. वह बॉलीवुड के पहले ऐसे अभिनेता हैं, जिनकी लगातार 17 फिल्में ₹100 करोड़ क्लब में शामिल हुईं.

इसके अलावा उनके खाते में कई ₹200 करोड़ से ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में भी हैं. वहीं ‘बजरंगी भाईजान’ और ‘सुल्तान’ जैसी फिल्मों ने ₹300 करोड़ से अधिक का कारोबार कर नए कीर्तिमान स्थापित किए.

ईद 2027 के लिए शुरू हुआ काउंटडाउन

ईद 2027 के लिए फिल्म की घोषणा के साथ ही अब फैंस के बीच इंतजार का दौर शुरू हो गया है. सलमान खान की हर ईद रिलीज की तरह इस फिल्म से भी बड़े स्तर पर एक्शन और एंटरटेनमेंट की उम्मीद की जा रही है.

अब देखना होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कौन से नए रिकॉर्ड बनाती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो