Blood Sugar: ब्लड शुगर का लेवल बढ़ना है खतरनाक, इन संकेतों से पहचानें, ब्लड शुगर का लेवल हाई होने के लक्षण भी जानिए

शुगर की बीमारी होने और ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने के सामान्य से लेकर गंभीर लक्षणों की जानकारी सभी के पास हो। अगर शुगर के संकेत पहले ही मिल जाएं तो लोग समय रहते परहेज और इलाज करवा सकते हैं।

Vineeta Vashisth
Vineeta Vashisth
शुगर यानी डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है जो खराब लाइफस्टाइल से काफी हद तक जुड़ी हुई है। आज के भागदौड़ भरे दौर में ये बीमारी तेजी से बढ़ती जा रही है और लाखों लोग इसकी चपेट में आते जा रहे हैं। शुगर में सबसे बड़ी समस्या ये रहती है कि शुगर का लेवल कंट्रोल में रखना जरूरी होता है और वही शुगर का लेवल ऊपर नीचे होता रहता है। ऐसे में मरीज को समझ नहीं आता कि क्या किया जाए। खासकर वो  लोग जिनको शुगर नहीं है, वो समझ ही नहीं पाते कि कब ये खतरनाक बीमारी उनको अपनी जद में ले लेती है। जब ये बीमारी शरीर को जकड़ लेती है और इसका रूप भयंकर हो जाता है, तब जाकर मरीज को पता चलता है कि वो शुगर का मरीज बन चुका है। ऐसे में जरूरी है शुगर की बीमारी होने और ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने के सामान्य से लेकर गंभीर लक्षणों की जानकारी सभी के पास हो। अगर शुगर के संकेत पहले ही मिल जाएं तो लोग समय रहते परहेज और इलाज करवा सकते हैं जिससे ये बीमारी गंभीर रूप ना ले सके। चलिए जानते हैं कि शुगर के लक्षण क्या हैं और अगर ब्लड शुगर बढ़ रहा तो इसके क्या संकेत मिलते हैं।
 
इन लक्षणों से पहचानें कि आपको हो गई है शुगर की बीमारी - 
 
डायबिटीज यानी शुगर एकदम से हमला करने वाली बीमारी नहीं है। इसको होने से पहले शरीर में कुछ लक्षण दिखाई देते हैं जिन्हें नजरंदाज नहीं करना चाहिए। इसका पहला लक्षण है ज्यादा प्यास लगना। इसके अलावा इसके लक्षणों में आंख की रोशनी कम होना यानी धुंधला दिखाई देना, अचानक वजन घटने लगना, एकदम से भूख ज्यादा लगने लगना, घाव होने पर घाव देरी से भरना, किसी भी संक्रमण का देर से ठीक होना, हाथ और पैरों में झुनझुनाहट होना और सुन्न हो जाना इसके लक्षण हैं। इसके अलावा कमजोर मसूड़े और मसूड़ों से खून रिसना भी डायबिटीज का एक लक्षण हैं। 
 
आपका यूरिन भी आपको डायबिटीज जैसी बीमारी का संकेत देता है। अगर आपको बार बार यूरिन आ रहा है तो इसको डायबिटीज का लक्षण समझ कर डॉक्टर के पास एक बार जरूर जाना चाहिए। अगर यूरिन का कलर बदल रहा है तो भी ये डायबिटीज का लक्षण है क्योंकि जब शरीर में शुगर ज्यादा होता है तो किडनी इसे फिल्टर करने में अक्षम हो जाती है और ये शुगर यूरिन में मिलकर आता है। गांव देहात में शुगर की बीमारी के लिए यूरिन के आस पास चीटियों को देखकर अंदाजा लगाया जाता था। जब शुगर यूरिन में मिलकर आता है तो उसके आस पास चीटिंयां आ जाती हैं। ये भी शुगर का एक लक्षण है।

ब्लड शुगर हाई होने  के संकेत - 
 
अगर आप पहले से शुगर यानी डायबिटीज के मरीज हैं तो आपको शुगर हाई होने के कई संकेत मिलते हैं।  इससे आपको पता चल जाता है कि आपका शुगर हाई हो रहा है और आपको डॉक्टर,  दवा और परहेज की ज्यादा जरूरत है। आमतौर पर शुगर पेशेंट इन लक्षणों को समझ नहीं पाते और उनका स्वास्थ्य काफी बिगड़ जाता है।  इसलिए शुगर के पेशेंट को अपने शुगर के हाई होने के सभी संकेत पता होने चाहिए। 
 
अगर सिर का दर्द हो रहा है तो इसे शुगर बढ़ने का संकेत माना जा सकता है। अगर सिर का दर्द खुद ही ट्रिगर होता है और खुद ही ठीक हो जाता है तो इसका मतलब है कि आपके शरीर में ब्लड शुगर का लेवल बढ़ रहा है।
बार बार बाथरूम जाना भी शुगर लेवल बढ़ने का एक संकेत है। हर बार फील होता है कि तेजी से यूरिन आ रहा है और फिर बहुत कम यूरिन पास होता है। इस स्थिति को शुगर का लेवल  बढ़ने का संकेत मानना चाहिए। 
दिखने में दिक्कत होने को भी शुगर लेवल बढ़ने का संकेत मानकर डॉक्टर से चैकअप कराना चाहिए। 
अगर आपको बिना किसी काम के भी बार बार थकावट हो रही तो इसे ब्लड शुगर का लेवल हाई होने का संकेत माना जा सकता है। जब ब्लड शुगर ज्यादा होता है तो ब्लड का फ्लो कम होने से थकान हावी हो जाती है।
बार बार मुंह सूखना और होंठ सूखना भी ब्लड शुगर के हाई होने का संकेत है। 
अगर किसी चीज पर फोकस करने में दिक्कत आ रही है, या  फिर भ्रम की स्थिति पैदा  हो रही है तो इसे डायबिटीज का लेवल बढ़ने का संकेत माना जाता है।
अगर पेट में लगातार दर्द हो रहा है या बिना वजह गैस बन रही है तो भी ब्लड शुगर बढऩे का संकेत हो सकता है। 
त्वचा रूखी और बेजान होना औऱ त्वचा पर खुजली होना भी ब्लड शुगर का संकेत हैं। ऐसे में तुरंत अपना ब्लड शुगर मापना चाहिए।
calender
28 March 2023, 08:55 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो