ठंड के बाद अब उमस की एंट्री... 6 राज्यों में बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 17-18 फरवरी को कई उत्तर भारतीय राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. दक्षिण भारत में उमस बढ़ेगी, जबकि दिल्ली में हल्की धुंध और तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: देश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. जहां कुछ दिन पहले तक कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही थी, वहीं अब कई इलाकों में तापमान बढ़ने लगा है. दक्षिण भारत में उमस की शुरुआत हो रही है, जबकि उत्तर-पश्चिमी राज्यों में भी रात का तापमान धीरे-धीरे ऊपर जा सकता है. इसी बीच, कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 17 और 18 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इन क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदलने की संभावना है. इसी दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी देखने को मिल सकती है. इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड फिर से बढ़ सकती है और यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश

आईएमडी ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 17 और 18 फरवरी को कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है. इन राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं. यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. फिलहाल राज्य के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय ठंड बनी हुई है, लेकिन दिन में हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है.

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इसके बाद फिर दो दिनों में तापमान में इतनी ही गिरावट आने की संभावना है. पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह तापमान में हल्का इजाफा देखने को मिल सकता है. देश के बाकी हिस्सों में फिलहाल न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि दक्षिण के तटीय इलाकों में उमस बढ़ने के संकेत हैं.

दक्षिण भारत में बढ़ेगी उमस

तटीय कर्नाटक में 16 और 17 फरवरी को गर्मी और उमस का असर रह सकता है. इसी तरह कोंकण और गोवा में भी 16 फरवरी को उमस भरा मौसम रहने की संभावना है. दिन के समय तापमान अधिक महसूस हो सकता है, जिससे लोगों को परेशानी हो सकती है.

दिल्ली का हाल

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को हल्की धुंध छाई रह सकती है. अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड का मिश्रित असर देखने को मिल सकता है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag