अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर भारी पुलिस बल, आखिर अंदर क्या चल रहा है?

कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के आवास पर अवैध निर्माण नोटिस की समयसीमा खत्म होने के बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया. वहीं, टीएमसी ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल अभिषेक बनर्जी एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं. सोमवार को कोलकाता स्थित उनके आवास 188A हरीश मुखर्जी रोड पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. इस घटनाक्रम के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई और राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है.

ये कार्रवाई क्यों हुई? 

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई कोलकाता नगर निगम की ओर से जारी किए गए अवैध निर्माण संबंधी नोटिस के बाद हुई. नगर निगम ने अभिषेक बनर्जी के घर के कुछ हिस्सों को नियमों के खिलाफ निर्मित बताते हुए उन्हें सात दिन के भीतर जवाब देने और जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया था. सोमवार को नोटिस की तय समयसीमा खत्म होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

बताया जा रहा है कि नगर निगम ने अपने नोटिस में दावा किया था कि आवास के कुछ हिस्सों का निर्माण बिना जरूरी अनुमति के किया गया है. नियमों के अनुसार यदि तय समय के भीतर अवैध निर्माण को नहीं हटाया जाता या संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता, तो प्रशासन आगे की कार्रवाई कर सकता है. इसी प्रक्रिया के तहत पुलिस की मौजूदगी को देखा जा रहा है.

उधर, इस घटनाक्रम को लेकर तृणमूल कांग्रेस समर्थकों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है. पार्टी नेताओं का आरोप है कि विपक्षी राजनीति को दबाने के लिए प्रशासनिक संस्थाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है. कई कार्यकर्ताओं ने इसे राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित कार्रवाई बताया है.

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक माहौल गर्म 

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पहले से ही राजनीतिक माहौल काफी गर्म बना हुआ है. राज्य में सत्तारूढ़ दल और विपक्ष के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. ऐसे में अभिषेक बनर्जी के आवास पर पुलिस बल की तैनाती ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राज्य की राजनीति में और तनाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो